प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के जयपुर और सीकर स्थित परिसरों पर ईडी के छापे और विदेशी मुद्रा उल्लंघन मामले में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के बेटे वैभव को तलब किया है। इस पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि चुनाव में अपनी हार को देखते हुए कांग्रेस नेताओं को विशेष तौर पर निशाना बनाया गया और बिना किसी सबूत और तथ्य के छापेमारी की गई। इस तरह की छापेमारी यह संदेश देने के लिए की गई है कि अगर हम (बीजेपी) राजनीतिक रूप से कमजोर हो जाएंगे तो वे भारत सरकार की एजेंसियों का दुरुपयोग करेंगे। चाहे वह सीबीआई हो, ईडी हो या इनकम टैक्स हो और हम एक तरह का डर पैदा करने की कोशिश करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ है कोई भी निष्पक्ष जांच होती है और कोई दोषी पाया जाता है उस पर कार्रवाई होनी चाहिए। बिना सबूत, बिना समन के जो रेड की गई। कांग्रेस पार्टी इसका विरोध करती है।
पायलट ने कहा कि आज राजस्थान में जांच एजेंसियों ने जो कार्रवाई की है, उनकी टाइमिंग बहुत संदिग्ध है। देश और प्रदेश इसे बहुत गंभीरता से देख रहा है। आज बिना नोटिस के जिस तरह से राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा जी के घर रेड डाली गई है, यह इस बात का संकेत है कि अगर BJP राजनीतिक तौर पर कमजोर पड़ेगी तो जांच एजेंसियों का दुरुपयोग करेगी और लोगों में डर पैदा करेगी। हम इसका विरोध करते हैं। प्रतिशोध की ओछी राजनीति में वैभव गहलोत को दिए समन पर सचिन पायलट जी की दो टूक- मुख्यमंत्री के बेटे वैभव गेहलोत को जो समन दिया गया है, वो 12 साल पुराना मामला है। चुनाव तारीखों के ऐलान के बाद अचानक से समन भेजा जाना, सब समझते हैं इसके पीछे क्या सोच हो सकती है।
सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि ED, BJP का टिड्डी दल है। जैसे टिड्डी दल फसल चट कर जाता है, वैसे ही ED भी BJP की फसल को चट कर जाएगी। गांव-गांव में यह खबर फैल जाएगी कि BJP के लोग ED का प्रयोग टिड्डी दल की तरह कर रहे हैं। राजस्थान में कांग्रेस की सरकार बन रही है, इसलिए BJP घबराई हुई है।
