इलेक्शन

दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए क्या है भाजपा का प्लान? केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक आज

Delhi Vidhan Sabha Chunav 2025: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने क्या दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए अपना पूरा प्लान तैयार कर लिया है? चुनाव को लेकर आज भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी। माना जा रहा है कि आज की बैठक के बाद भाजपा अपने सभी बचे प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर देगी।

Image

दिल्ली चुनाव को लेकर भाजपा की बैठक आज।

Photo : ANI

BJP Plan for Delhi Election: दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर आज केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक होगी। इस बैठक में दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियों सहित प्रत्याशियों के चयन पर आखिरी मुहर लग सकती है। दिल्ली में विधानसभा चुनाव एक ही चरण में 5 फरवरी को होंगे। 70 विधानसभा सीटों का नतीजा 8 फरवरी को घोषित किया जाएगा। 70 विधानसभा सीटों पर भाजपा ने 29 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है।

बैठक के बाद भाजपा जारी करेगी बाकी बचे प्रत्याशियों की लिस्ट

माना जा रहा है कि आज होने वाली केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद भाजपा बाकी बचे प्रत्याशियों की लिस्ट जारी कर देगी। केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और अन्य सीईसी सदस्यों के भाग लेंगे। गुरुवार को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की है और पार्टी नेताओं से बेहतर चुनावी प्रभाव के लिए विभिन्न सामाजिक तबकों और क्षेत्रों के नए समूहों तक पहुंचने को कहा है। उन्होंने कहा कि यह अरविंद केजरीवाल के "झूठ और भ्रष्टाचार" तथा भाजपा के "सत्य और विकास" के बीच चयन करने का अवसर है।

उन्होंने भाजपा की दिल्ली इकाई के कार्यालय का दौरा किया और विभिन्न चुनाव समितियों, राज्य पदाधिकारियों और अग्रिम संगठनों के प्रभारियों और सदस्यों के साथ बैठक में चार घंटे से अधिक समय बिताया।

नड्डा का दावा- दिल्ली में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी भाजपा

भाजपा की ओर से जारी बयान के अनुसार, नड्डा ने कहा कि भाजपा दिल्ली में पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी के संपर्क कार्यक्रमों और अभियानों का ध्यान नए लोगों से मिलने और उन्हें बेहतर चुनावी नतीजों के लिए भाजपा का समर्थन करने के लिए मनाने पर होना चाहिए। समीक्षा बैठकों के दौरान नड्डा को बताया गया कि विभिन्न अभियानों और कार्यक्रमों के माध्यम से अब तक एक लाख से अधिक महिलाओं से संपर्क किया जा चुका है।

'भ्रष्टाचार का पहाड़ खड़ाकर लूट मचा रहे अरविंद केजरीवाल'

जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पोस्ट में लिखा कि पिछले 10वर्षों से दिल्ली पर आपदा बनकर भ्रष्टाचार का पहाड़ खड़ाकर लूट मचा रहे अरविंद केजरीवाल को अपनी हार का डर सताने लगा तो बौखलाकर उत्तर प्रदेश और बिहार के हमारे भाई – बहनों के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी करने पर उतारू हो गये। केजरीवाल ने यूपी – बिहार के हमारे लोगों को फ़र्ज़ी वोटर कह कर उनका अपमान किया है। दिल्ली की जनता सत्ता से उखाड़कर उन्हें इसका जवाब जरूर देगी।

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article