Bihar Election 2025: महागठबंधन ने मुख्यमंत्री उम्मीदवार का ऐलान कर दिया है। पटना में आयोजित महागठबंधन के संयुक्त प्रेस कॉनफ्रेंस में ऐलान किया गया कि महागठबंधन की ओर तेजस्वी यादव सीएम उम्मीदवार होंगे। वहीं, मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री बनाया जाएगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने गुरुवार को पटना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी घोषणा की।
अशोक गहलोत ने कहा कि तेजस्वी एक नौजवान नेता हैं। मैं अपने अनुभव से कहता हूं को जिसकी राजनीति में भविष्य लंबी होती है, जनता उन्हें मौका देती है। तेजस्वी यादव ने पहले भी जो वादे किए उसपर उन्होंने अमल किया। इसी वजह से कांग्रेस पार्टी और महागठबंधन के अन्य दलों ने तेजस्वी यादव को सीएम उम्मीदवार के रूप में नियुक्त करने का फैसला किया है।
महागठबंधन एकजुट और मजबूत है: मुकेश सहनी
संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में शामिल विकासशील इंसान पार्टी के सुप्रीमो मुकेश सहनी ने कहा कि मैं इस पल का 3.5 साल से इंतजार कर रहा था। अब वो पल आ गया है। सिर्फ वीआईपी या मुकेश सहनी ही नहीं, पार्टी के लाखों लोग इसका इंतजार कर रहे थे। भाजपा ने हमारी पार्टी तोड़ी और हमारे विधायकों को तोड़ दिया। उस समय हमने हाथ में गंगाजल लेकर संकल्प लिया था- 'भाजपा को जब तक हम तोड़ेंगे नहीं, तब तक छोड़ेंगे नहीं'। अब समय आ गया है कि महागठबंधन के साथ मजबूती से खड़े होकर हम बिहार में अपनी सरकार बनाएंगे और भाजपा को राज्य से बाहर करेंगे। महागठबंधन एकजुट और मजबूत है। आने वाले समय में हम काम करेंगे और अपनी सरकार बनाएंगे।"
अमित शाह बताएं एनडीए का सीएम उम्मीदवार कौन: अशोक गहलोत
कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने कहा कि हम अमित शाह जी और उनकी पार्टी के अध्यक्ष से पूछना चाहते हैं कि आपके गठबंधन का सीएम चेहरा कौन है? यह हमारी मांग है क्योंकि हमने देखा कि चुनाव तत्कालीन सीएम एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में लड़ा गया था, लेकिन बाद में हमें पता चला कि किसी और को मुख्यमंत्री चुना गया था।"
महागठबंधन में सीट शेयरिंग का क्या है हाल?
बता दें कि राजद ने 143 उम्मीदवारों की सूची जारी की है। कांग्रेस ने 61, वीआईपी को बंटवारे में कुल नौ सीटें, जबकि वाम दलों को कुल 30 सीटें मिली हैं। आधिकारिक सूची के अलावा भी महागठबंधन के सहयोगियों ने मैदान में उम्मीदवार उतारे हैं। VIP को नौ सीटें मिली, परंतु उसने 15 उम्मीदवारों के नाम जारी किए। इसी प्रकार सीपीआई को छह सीटें ही मिली, परंतु नौ उम्मीदवारों को मैदान में उतार दिया।
सीपीएम जिसे चार सीटें मिली उसमें उसने छह उम्मीदवार उतार दिए। फिलहाल महागठबंधन में कुल उम्मीदवारों की लिस्ट 243 से बढ़कर 254 हो गई है। हालांकिं दावे हो रहे हैं कि नाम वापसी के पहले तक स्थिति साफ हो जाएगी।
