बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मी तेज है। पटना से लेकर दिल्ली तक हलचल है। एनडीए में सीट शेयरिंग का मामला फंसा हुआ है। चिराग पासवान की पार्टी लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और भाजपा के बीच सीट शेयरिंग पर चर्चा चल रही है।
इसी बीच शुक्रवार को मीडिया से बातचीत करते हुए चिराग पासवान ने भाजपा नेता नित्यानंद राय से बातचीत की। बातचीत के बाद उन्होंने कहा ,"मीटिंग सकारात्मक रूप से चल रही है और अब अपने अंतिम चरण में है। हम सभी छोटे-छोटे मुद्दों, सीटों, उम्मीदवारों और प्रचार पर चर्चा करना चाहते हैं। जहां मेरे प्रधानमंत्री हैं वहां मुझे अपने सम्मान की चिंता नहीं है।"
सीट शेयरिंग पर चल रहा मंथन
इससे पहले चिराग पासवान संग धर्मेंद्र प्रधान और नित्यानंद राय ने गुरुवार को बैठक की। यह बैठक 25 मिनट तक चली। गुरुवार को चिराग पासवान के घर सीट शेयरिंग को लेकर तीसरे दौर की बैठक हुई। बैठक में बीजेपी के चुनाव प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान, नित्यानंद राय और चिराग पासवान मौजूद रहे। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो चिराग 35+ सीटों की डिमांड कर रहे हैं, जबकि बीजेपी उन्हें केवल 20 सीटें देने को तैयार है।
