Bihar Chunav 2025: बिहार में पहले चरण के मतदान संपन्न हो चुके हैं और अब दूसरे चरण और अंतिम चरण के मतदान को लेकर राजनीतिक दलों ने प्रचार अभियान में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को औरंगाबाद में चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए महागठबंधन को जमकर कोसा। साथ ही पहले चरण में रिकॉर्ड मतदान की सराहना की।
पीएम मोदी ने कहा कि कल ही बिहार ने पहले चरण का मतदान किया है और बिहार के लोगों ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। बिहार में अब तक का सबसे अधिक मतदान हुआ है। पहले चरण में करीब 65 प्रतिशत मतदान हुआ है। यह दिखाता है कि एनडीए सरकार की वापसी का मोर्चा खुद बिहार की जनता ने संभाल लिया है। उन्होंने कहा, ''पहले चरण के मतदान से ये स्पष्ट है, बिहार के लोग अब किसी भी कीमत पर जंगलराज को लौटने नहीं देना चाहते। बिहार का नौजवान, राजद के झूठे वादों पर नहीं, एनडीए के ईमानदार इरादों पर वोट दे रहा है। पहले चरण के मतदान से ये तय है कि फिर एक बार एनडीए सरकार।''
त्याग और बलिदान की धरती है औरंगाबाद
पीएम मोदी ने औरंगाबाद को त्याग और बलिदान की धरती बताते हुए कहा कि इस मिट्टी ने अनुग्रह बाबू और जगदेव बाबू जैसे महान स्वतंत्रता सेनानी दिए हैं। औरंगाबाद हो या गया जी, यह पक्के इरादों वाली धरती है। दशरथ मांझी जी इसी का प्रतीक रहे हैं। मैं इस क्षेत्र की सभी महान विभूतियों को नमन करता हूं।
उन्होंने कहा कि एनडीए के पास हर क्षेत्र के लिए, उसकी आवश्यकता के अनुसार अलग-अलग योजनाएं हैं। कहीं फूड प्रोसेसिंग से जुड़े उद्योगों पर बल दिया जा रहा है, कहीं टूरिज़्म का विकास हो रहा है, कहीं टेक्नॉलॉजी से जुड़ी कंपनियों का विस्तार किया जा रहा है तो कहीं मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। यानी जहां जैसा सामर्थ्य है, वहां वैसी ही इंडस्ट्री लगाई जा रही है।
राम मंदिर का भी किया जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि मोदी ने कहा था, राम मंदिर बनेगा और डंके की चोट पर राम मंदिर बन गया। मोदी ने वादा किया था, अनुच्छेद 370 की दीवार गिरेगी और अनुच्छेद 370 हट गया। मोदी ने बिहार की इसी धरती से कहा था कि पहलगाम हमले का बदला लिया जाएगा, और फिर देश ने ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान को तबाह होते हुए देखा। उन्होंने आगे कहा कि हमारे सैनिक परिवार पिछले चार दशकों से वन रैंक, वन पेंशन की मांग कर रहे थे, लेकिन कांग्रेस ने हर बार उनसे झूठ बोला। मैंने अपने सैनिक भाइयों और बहनों को वन रैंक, वन पेंशन लागू करने की गारंटी दी थी, और ये गारंटी मैंने पूरी भी की। इन 11 वर्षों में, हमारे रिटायर्ड फौजी भाइयों-बहनों और उनके परिवारों को एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि दी जा चुकी है।
