Poorest MLA of Bihar: 14 नवंबर 2025, वह ऐतिहासिक तारीख रही जिस दिन बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम आए और यह फिर से पता चल गया कि राज्य में एनडीए की सरकार बहुमत के साथ बनने जा रही है। अब लोगों की निगाहें जीतने वाले उम्मीदवारों पर टिकी हैं कौन कितना संपन्न है, किन पर केस दर्ज हैं और किनका रिकॉर्ड साफ है। इस उत्सुकता को ध्यान में रखते हुए एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) और बिहार इलेक्शन वॉच ने 243 सीटों पर विजयी उम्मीदवारों के शपथ पत्रों का विश्लेषण किया। इसके अनुसार, नई बिहार विधानसभा में लगभग 90 फीसदी विधायक करोड़पति हैं। इनमें सबसे कम संपत्ति रखने वाले विधायक भागलपुर जिले की पीरपैंती विधानसभा से भाजपा के मुरारी पासवान हैं। जिनके बारे में आज हम आपको बताने जा रहे हैं।
कितनी है मुरारी पासवान की कुल संपत्ति?
एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार, पीरपैंती के नए विधायक मुरारी पासवान की कुल संपत्ति 6.53 लाख रुपए के लगभग है, जिसमें चल संपत्ति 1.53 लाख रुपए और अचल संपत्ति 5 लाख रुपए के आसपास है। संपत्ति के मामले में सूची में दूसरे स्थान पर भाजपा के उम्मीदवार महेश पासवान हैं, जिन्होंने भोजपुर जिले की अगिआंव विधानसभा से जीत दर्ज की। उनकी कुल संपत्ति लगभग 8.55 लाख रुपए है, जिसमें 8 लाख रुपए अचल संपत्ति और 55 हजार रुपए चल संपत्ति शामिल हैं। वहीं, राजनगर विधानसभा से भाजपा के टिकट पर विजयी सुजीत कुमार इस सूची में तीसरे स्थान पर हैं, जिनकी कुल संपत्ति लगभग 11 लाख रुपए बताई गई है।
पिछले चुनाव में सबसे कम संपत्ति वाला उम्मीदवार
बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में शपथ पत्र के अनुसार सबसे कम संपत्ति वाले विधायक अलौली सीट से राजद के रामवृक्ष कदम थे, जिनकी कुल संपत्ति उस समय केवल 70 हजार रुपए थी। 2025 के चुनाव में भी उन्होंने हिस्सा लिया, और इस बार उनके शपथ पत्र के अनुसार संपत्ति लगभग 85 लाख रुपए तक पहुंच गई थी। हालांकि, इस बार वह अलौली विधानसभा क्षेत्र से चुनाव हार गए। इसके साथ ही, बता दें कि बिहार विधानसभा के विधायकों को वेतन और भत्तों के अलावा अपने निर्वाचन क्षेत्र में जनता के काम कराने और उनसे मिलने के लिए भी अलग फंड दिया जाता है। अनुमान के अनुसार, एक विधायक को हर महीने लगभग 1.5 लाख रुपए का वेतन प्राप्त होता है।
इस विधायक पर है सबसे ज्यादा कर्ज
बिहार की नई विधानसभा में कई ऐसे विधायक भी हैं, जिनके ऊपर करोड़ों रुपए का कर्ज है। इस सूची में सबसे ज्यादा कर्जदार विधायक ब्रह्मपुर विधानसभा सीट से राजद के शंभु नाथ यादव हैं। उनके पास कुल संपत्ति लगभग 12 करोड़ रुपए है, लेकिन उनके ऊपर करीब 66 करोड़ रुपए की देनदारी है। इसके बाद दूसरे नंबर पर मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का नाम आता है। उनकी कुल संपत्ति लगभग 100 करोड़ रुपए बताई गई है, जबकि उनके ऊपर करीब 25 करोड़ रुपए का कर्ज है।
