इलेक्शन

Bihar Politics: बीजेपी के दिग्गज नेता को चुनाती रहे VIP उम्मीदवार, क्या है इस सीट का राजनीतिक समीकरण?

Sikti Assembly Elections: सिकटी विधानसभा सीट, जो अररिया लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है, पहले पालासी के नाम से जानी जाती थी और 1977 में इसका नाम बदलकर सिकटी किया गया। यह नेपाल सीमा के पास स्थित कृषि प्रधान इलाका है। अब तक यहां 17 विधानसभा चुनाव हो चुके हैं। शुरुआती वर्षों में कांग्रेस और निर्दलीय उम्मीदवारों का दबदबा रहा, जबकि 2010 के बाद से बीजेपी का वर्चस्व कायम है।

Image

सिकटी विधानसभा चुनाव का राजनीतिक समीकरण।(फोटो सोर्स: टाइम्स नाउ डिजिटल)

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Sikti Assembly Elections: बिहार के सिकटी विधानसभा, अररिया लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाली विधानसभा सीट है। 2020 में यहां से बीजेपी के विजय कुमार मंडल लगातार दूसरी बार चुनाव जीतने में कामयाब रहे। सिकटी से पहले इस क्षेत्र को पालासी विधानसभा सीट कहा जाता था। इसी विधानसभा सीट की स्थापना 1951 में हुआ था। 1977 के चुनाव से इसका नाम बदलकर सिकटी कर दिया गया। यह क्षेत्र भारत-नेपाल सीमा के करीब है।

इस क्षेत्र में कृषि आर्थिक गतिविधि का अहम हिस्सा है। बात करें इस क्षेत्र की राजनीति की तो सिकटी (पूर्व में पालासी) में 17 विधानसभा चुनाव हो चुके हैं. पालासी नाम से हुए शुरुआती छह चुनावों में कांग्रेस तीन बार, निर्दलीय प्रत्याशी दो बार और स्वातंत्र्य पार्टी एक बार विजयी रही। नाम बदलने के बाद 11 चुनावों में भाजपा चार बार, कांग्रेस तीन बार, निर्दलीय दो बार तथा जनता दल और जदयू एक-एक बार जीत चुके हैं।

2010 से इस सीट पर रहा BJP का दबदबा

इस विधानसभा सीट पर मोहम्मद अजीमुद्दीन का दबदबा रहा है। उन्होंने इस सीट से पांच बार विधानसभा चुनाव जीता है। 1962,1967, 1969, 1977 और 1990 में उन्होंने चुनाव जीता। हालांकि, साल 2000 में उन्हें बीजेपी प्रत्याशी के हाथों हार का सामना करना पड़ा।

2010 से इस सीट पर बीजेपी का दबदबा रहा है। वहीं, पिछले तीन विधानसभा चुनावों (2010,2015,2020) से विजय कुमार मंडल विजयी हैं। 2020 में उन्होंने आरजेडी के शत्रुघ्न प्रसाद सुमन को 13,610 वोटों से हराया।

क्या है राजनीतिक समीकरण?

2020 विधानसभा चुनाव में इस सीट पर 2,88,031 पंजीकृत मतदाता थे, जिनमें 92,457 मुस्लिम (32.10%) और 36,810 अनुसूचित जाति (12.78%) के मतदाता शामिल थे। 2024 लोकसभा चुनाव में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 3,00,389 हो गई। वहीं, बात करें साल 2025 विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों की तो इस बार बीजेपी से पांचवी बार विधायक रहे मंत्री विजय कुमार मंडल चुनाव मैदान में हैं। वहीं, वीआईपी की ओर से हरि नारायण प्रमाणिक मैदान में हैं। इस सीट पर 11 नवंबर को चुनाव होना है। परिणाम 14 नवंबर को आएंगे।

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article