Bihar Election 2025: नरपतगंज विधानसभा सीट (Narpatganj Assembly Seat) बिहार के अररिया जिले के अंतर्गत आने वाली विधानसभा सीट है। इस सीट का गठन साल 1962 में हुआ था। अब तक यहां 15 विधानसभा चुनाव संपन्न हो चुके हैं।
नरपतगंज का भूभाग समतल और उत्तर बिहार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हिस्सा है। मानसून के दौरान यहां बाढ़ और जलजमाव की समस्या आम है। कोसी नदी इस क्षेत्र से होकर बहती है, जो कृषि के लिए सहायक है लेकिन साथ ही बाढ़ के खतरे को भी बढ़ाती है। यहां की अर्थव्यवस्था मुख्य रूप से कृषि आधारित है। धान, मक्का और जूट प्रमुख फसलें हैं।
मतदाताओं का समीकरण
साल 2020 के विधानसभा चुनाव में नरपतगंज में कुल 3,28,546 मतदाता थे। इनमें 61,274 अनुसूचित जाति के मतदाता (18.65%) और 70,308 मुस्लिम मतदाता (21.40%) शामिल थे। यादव समुदाय भी यहां प्रभावी भूमिका निभाता है, जिनकी संख्या 62,095 (18.90%) थी। यह पूरी तरह ग्रामीण क्षेत्र है, जहां शहरी मतदाता नहीं हैं।
यादव उम्मीदवारों का रहा है दबदबा
गौरतलब है कि यहां पर मुस्लिम मतदाता सबसे बड़े समूह है, फिर भी इस विधानसभा सीटे से अब तक किसी मुस्लिम प्रत्याशी को जीत नसीब नहीं हुई है। यादव नेताओं का इस सीट पर बोलबाला रहा है। 15 में से 14 बार यादव उम्मीदवार को जीत मिली है।
साल 2020 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के जयप्रकाश यादव ने आरजेडी उम्मीदवार अनिल कुमार यादव को 28,610 वोटों से हराया था। जयप्रकाश यादव को 98,397 वोट मिले थे। वहीं, 2015 में राजद ने भाजपा को 25,951 वोटों से हराया था। हालांकि, उस साल जेडीयू और आरजेडी गठबंधन में थी।
