इलेक्शन

Bihar Assembly Election, VIP उम्मीदवार : RJD का गढ़ है राघोपुर, 2010 में खिसकी चुकी है सीट; इस बार तेजस्वी यादव लगाएंगे जीत की हैट्रिक!

बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार जोरों पर है। महागठबंधन ने RJD नेता तेजस्वी यादव को अपना मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार बनाया है। तेजस्वी यादव लगातार तीसरी बार RJD के गढ़ राघोपुर से चुनावी मैदान में हैं और हैट्रिक की तैयारी कर रहे हैं। चलिए जानते हैं तेजस्वी और राघोपुर सीट के बारे में -

Image

RJD नेता और महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव

बिहार विधानसभा चुनाव 2025: राघोपुर बिहार चुनाव की सबसे ज्यादा सुर्खियों में रहने वाली हॉट सीट है। हो भी क्यों नहीं, यहां से नेता प्रतिपक्ष और महागठबंधन की तरफ से मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव जो उम्मीदवार हैं। वैसे भी राघोपुर सीट राष्ट्रीय जनता दल (RJD) का गढ़ है। 1972 से ही संयुक्त सोशलिस्ट पार्टी, जनता पार्टी, जनता पार्टी (सेक्युलर) और लोकदल का कब्जा इस सीट पर रहा है। 1997 में लालू प्रसाद यादव ने RJD पार्टी बनाई और 1998 के उपचुनाव से ही राघोपुर RJD का गढ़ रही है। किला या गढ़ कितना भी अभेद्य हो उसमें सेंधमारी की जा सकती है और यह राघोपुर में 2010 के विधानसभा चुनाव में साबित हो चुका है। जब JDU उम्मीदवार ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को हरा दिया था। बड़ी बात ये है कि जिस उम्मीदवार JDU ने राघोपुर के गढ़ में सेंध लगाकर राबड़ी देवी को हराया था, वह उम्मीदवार इस बार BJP के टिकट पर तेजस्वी यादव के सामने खड़ा है। हालांकि, तेजस्वी के लिए अच्छी खबर ये है कि वह पिछले दो चुनावों में भाजपा के मौजूदा उम्मीदवार को हराकर जीत दर्ज कर चुके हैं।

राघोपुर सीट से महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी यादव चुनावी मैदान में हैं। वह यहां के मौजूदा विधायक भी हैं और 2015 व 2020 के विधानसभा चुनावों में लगातार दो बार जीत दर्ज कर चुके हैं। इस बार उनकी नजर राघोपुर में हैट्रिक के साथ बिहार के मुख्यमंत्री की कुर्सी भी है। राघोपुर सीट का रिजल्ट न सिर्फ तेजस्वी यादव की राजनीतिक विरासत, बल्कि वैशाली जिले के ग्रामीण मतदाताओं के बीच उनकी छवि और विश्वास की भी परीक्षा होगी। आज इस सीट पर वोटिंग चल रही है। सुबह से मतदाता वोटिंग के लिए बूथों पर पहुंच रहे हैं। वैशाली जिले में आज दोपहर 11 बजे तक 28.67 फीसद वोटिंग हो चुकी है। राघोपुर विधानसभा सीट के लिए बिहार की अन्य सीटों की तरह 14 नवंबर को मतगणना के बाद नतीजे घोषित किए जाएंगे।

राघोपुर विधानसभा सीट से कौन-कौन प्रमुख उम्मीदवार हैं?

  • RJD - तेजस्वी यादव
  • BJP - सतीश कुमार यादव
  • जन सुराज पार्टी - चंचल कुमार
  • जनशक्ति जनता दल - प्रेम कुमार

बता दें कि RJD, कांग्रेस, वाम दलों और विकासशील इंसान पार्टी के साथ महागठबंधन में शामिल है। उधर NDA में भारतीय जनता पार्टी, जनता दल यूनाइटेड, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), हिंदुस्तानी आवामी मोर्चा और राष्ट्रीय लोक मोर्चा शामिल हैं। तेज प्रताप यादव की पार्टी जनशक्ति जनता दल और AIMIM जैसे कुछ दोनों ही बड़े गठबंधनों से दूरी बनाए हुए हैं।

राघोपुर और RJD (तेजस्वी) की रिकॉर्ड

बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में RJD उम्मीदवार तेजस्वी यादव ने 48.74 फीसद यानी कुल 97 हजार से अधिक वोट हासिल करके जीत दर्ज की। जबकि उनके प्रतिद्वंदी भाजपा प्रत्याशी सतीश कुमार यादव को 29.64 फीसद यानी 59 हजार से ज्यादा वोट मिले थे। बात 2015 के विधानसभा चुनावों की करें तो यह तेजस्वी यादव का पहला विधानसभा चुनाव था और पार्टी ने उन्हें अपनी सुरक्षित सीट से मैदान में उतारा। तेजस्वी को 49.15 फीसद यानी 91 हजार से ज्यादा वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंदी भाजपा उम्मीदवार सतीश कुमार यादव को 36.9 फीसद यानी 68 हजार से अधिक वोट मिले थे। साल 2010 में सतीश कुमार यादव ने नीतीश कुमार की जनता दल यूनाइटेड से चुनाव लड़ा और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को हरा दिया था। तब सतीश कुमार यादव को कुल 64 हजार से अधिक वोट मिले थे, जबकि राबड़ी देवी के पक्ष में 51 हजार से ज्यादा वोट पड़े थे।

तेजस्वी यादव एक पूर्व क्रिकेटर हैं और वह IPL में दिल्ली डेयरडेविल्स टीम का हिस्सा रहे हैं, साथ ही वह झारखंड क्रिकेट टीम से भी जुड़े रहे हैं। तेजस्वी बिहार के अब तक के सबसे कम उम्र के उप-मुख्यमंत्री रह चुके हैं और वह सबसे कम उम्र के नेता प्रतिपक्ष भी हैं।

राघोपुर विधानसभा क्षेत्र एक नजर में

बिहार में कुल 243 विधानसभा सीटें हैं और राघोपुर 128 नंबर की सीट है। राघोपुर सीट एक सामान्य सीट है। यह विधानसभा सीट, हाजीपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आती है और यहां से केंद्रीय मंत्री व लोक जनशक्ति पार्टी के नेता चिराग पासवान सांसद हैं। यह क्षेत्र दियारा का हिस्सा है, जहां पर लगभग हर साल गंगा और उसकी सहायक नदियों के चलते बाढ़ आती है। बाढ़ के चलते यह इलाका लगभग हर साल कुछ महीनों के लिए राजधानी पटना और देश के अन्य हिस्सों से कट जाता है। यहां पर शिक्षा दर और सड़क, पुल जैसे इंफ्रास्ट्रक्चर की कमी साफ दिखती है। बाद पिछले विधानसभा चुनावों की करें तो 2020 में राघोपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 3 लाख, 44 हजार से ज्यादा मतदाता थे। इनमें से 1 लाख 85 हजार से ज्यादा पुरुष और 1 लाख 59 हजार से अधिक महिला मतदाता थे।

Digpal Singh
दिगपाल सिंह author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article