Bengal Repolling: पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में चल रहे मतदान के दौरान तनावपूर्ण स्थिति देखने को मिली। यहां डायमंड हार्बर (Diamond Harbour Voting) और मगराहाट पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के कुछ मतदान केंद्रों पर पुनर्मतदान कराया जा रहा है। कुल 15 बूथों पर वोटिंग हो रही है, जिनमें से 11 बूथ मगराहाट पश्चिम और 4 बूथ डायमंड हार्बर के हैं। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और शाम 6 बजे तक जारी रहेगा।
स्थानीय लोगों ने सड़कों पर उतरकर किया विरोध प्रदर्शन
इसी बीच फल्टा इलाके में अचानक तनाव बढ़ गया। स्थानीय लोगों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कुछ नेताओं द्वारा उन्हें धमकाया जा रहा है। उनका कहना है कि वोटिंग को लेकर उन पर दबाव बनाया जा रहा है और डराने की कोशिश की जा रही है, जिससे लोग स्वतंत्र रूप से मतदान नहीं कर पा रहे हैं।
इलाके में भारी सुरक्षा बल तैनात
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही प्रशासन तुरंत सक्रिय हो गया। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि हालात नियंत्रण में रहें। इसके साथ ही सीआरपीएफ की बख्तरबंद गाड़ी भी मौके पर भेजी गई है। सुरक्षा बल लगातार निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि वे शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान चाहते हैं।
उनका कहना है कि वे किसी भी तरह के दबाव या डर के माहौल में वोट नहीं डालेंगे। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और जिन पर धमकी देने के आरोप हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस घटना के कारण पूरे इलाके में चुनावी माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया है। दक्षिण 24 परगना के अतिरिक्त एसपी ने कहा, "स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। लोगों की कुछ विशेष मांगें हैं। धमकी देने का एक मामला सामने आया है, जिस पर केस दर्ज किया गया है। हमने उनकी मांगों को सुन लिया है।"
