UP Chunav: उत्तर प्रदेश में बड़े वार की तैयारी में बीजेपी,अमित शाह के दौरे के लिए तय हो रहे हैं कार्यक्रम

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 16, 2022, 09:25 PM IST

UP Elections 2022 के लिए भाजपा ने अपने प्रचार अभियान को धार देनी तेज कर दी है। इस बीच 22 जनवरी के बाद गृह मंत्री अमित शाह यूपी का दौरा कर आगे की रणनीति तय करेंगे।

UP Chunav: उत्तर प्रदेश में बड़े वार की तैयारी में बीजेपी,अमित शाह के दौरे के लिए तय हो रहे हैं कार्यक्रम

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव प्रचार को और धार देने के लिए भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी है। केंद्रीय गृह मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता अमित शाह के अगले सप्ताह से उत्तर प्रदेश में कई बैठकें करने की संभावना है। 22 जनवरी के बाद कोविड के मामलों में अगर कमी आती है तो निर्वाचन आयोग अपने प्रचार अभियान के नियमों में कुछ ढील दे सकता है और इसी को देखते हुए 22 जनवरी के बाद अमित शाह यूपी में प्रचार अभियान को तेज कर सकते हैं।

403 सीटें करेंगे कवर

 शाह अगले वीकेंड के दौरान अपने उत्तर प्रदेश दौरे की शुरुआत करेंगे और वह संगठन के नेताओं के साथ बैठकें भी करेंगे। सूत्रों ने बताया कि अगर प्रतिबंध लागू भी रहते हैं तो निर्वाचन आयोग ने कुछ शर्तों के साथ बंद जगहों पर बैठक करने की अनुमति दी है। ऐसे में शाह ऐसी बैठकें कर सकते हैं। यूपी के दौरे के दौरान शाह की यह कोशिश होगी वह प्रदेश के सभी 403 विधानसभा सीटों को कवर कर सकें। 

कार्यकर्ताओं संग बनाएंगे रणनीति

रैलियों और चुनावी कार्यक्रमों के साथ-साथ अमित शाह पार्टी संगठन के नेताओं के साथ भी बैठक कर चुनावी रणनीति को तय करेंगे और उसी अनुसार पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को जरूरी निर्देश भी देंगे। अगर चुनाव आयोग के प्रतिबंध जारी रहे तो फिर बीजेपी वर्चुअल रैलियों और बैठकों के जरिए प्रचार अभियान को तेज करेगी और इसके लिए तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। कहा जा रहा है कि शाह जाट नेताओं समेत प्रदेश के कई अन्य प्रभावशाली तबके के नेताओं के साथ भी मुलाकात कर सकते हैं।

सात चरणों में होना है चुनाव

आपको बता दें कि पहले औऱ दूसरे चरण के लिए भाजपा ने अपने 107 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। राज्य की सभी 403 सीटों के लिए प्रदेश में 7 चरणों में चुनाव होना है जिसके तहत 10, 14, 20, 23 और 27 फरवरी के और 3 तथा 7 मार्च को वोट डाले जाएंगे। 10 मार्च को उत्तर प्रदेश समेत सभी पांच चुनावी राज्यों में मतगणना होगी। 

End of Article