शहर

कुंडा विधायक राजा भैया को मिली जान से मारने की धमकी, पुलिस ने दर्ज की FIR

गोपीगंज थाना प्रभारी सच्चिदानंद पांडे ने बताया कि जनसत्ता दल के जिलाध्यक्ष की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी संशोधन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

Image

राजा भैया को मिली धमकी

Photo : ANI

Raja Bhaiya receives death threats-उत्तर प्रदेश के कुंडा से विधायक और जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह उर्फ 'राजा भैया' को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी और अभद्र भाषा में संदेश दिए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में भदोही जिले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह धमकियां और आपत्तिजनक टिप्पणियां सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और फेसबुक के तीन अलग-अलग खातों (अकाउंट्स) से पोस्ट की गई थीं।

भदोही पुलिस में यह औपचारिक शिकायत जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने बुधवार शाम को दर्ज कराई। शिकायत के साथ सोशल मीडिया पर दिए गए धमकी भरे संदेशों के स्क्रीनशॉट और सबूत भी पुलिस को सौंपे गए हैं। दर्ज शिकायत के मुताबिक, सोशल मीडिया पर ये धमकी भरे और अमर्यादित संदेश पिछले एक हफ्ते यानी 23 अक्टूबर से लगातार प्रसारित किए जा रहे थे।

पुलिस की कानूनी कार्रवाई

गोपीगंज थाना प्रभारी सच्चिदानंद पांडे ने बताया कि जनसत्ता दल के जिलाध्यक्ष की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और सूचना प्रौद्योगिकी संशोधन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। साइबर सेल की मदद से धमकियां देने वाले तीनों सोशल मीडिया अकाउंट्स के आईपी एड्रेस और लोकेशन का पता लगाया जा रहा है, ताकि धमकियां देने वाले आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके। (PTI)

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article