बॉलीवुड

Tiger Shroff Firing Case: टाइगर श्रॉफ का क्राइम ब्रांच ने दर्ज किया बयान, अमृतसर से खरीदी गई थी जिगाना पिस्टल

Tiger Shroff Firing Case: बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में अब मुंबई क्राइम ब्रांच ने अभिनेता का बयान रिकॉर्ड किया है। टीम ने इस मामले में अभिनेता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर सवाल भी किए।

Image

टाइगर श्रॉफ का बयान हुआ रिकॉर्ड (Pic Credit: Instagram)

मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ से जुड़े फायरिंग मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच द्वारा की जा रही जांच जारी है। इस मामले में क्राइम ब्रांच ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ का विस्तृत बयान दर्ज किया है। वहीं दूसरी ओर जांच के दौरान हथियारों की खरीद को लेकर भी अहम जानकारी सामने आई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक वारदात में इस्तेमाल की गई जिगाना पिस्टल और 20 राउंड गोलियां कथित तौर पर अमृतसर से 2.50 लाख रुपये में खरीदी गई थीं। (टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: Naseeruddin Shah पर भड़के पुनीत इस्सर, बोले, 'सरकार से परेशानी है तो चुनाव लड़कर...')

टाइगर श्रॉफ ने दर्ज कराया अपना बयान

क्राइम ब्रांच के सूत्रों के अनुसार 18 अक्टूबर को जुहू में फायरिंग की घटना सामने आने के बाद अगले दिन यानी 19 अक्टूबर को जांच टीम टाइगर श्रॉफ से मिलने पहुंची थी। उस समय अभिनेता अस्पताल में जांच कराने गए थे। इसी दौरान क्राइम ब्रांच की टीम ने उनसे कई घंटे तक घटना से जुड़े कई पहलुओं पर सवाल किए और उनका बयान दर्ज किया।

पूछताछ के दौरान अधिकारियों ने यह जानने की कोशिश की कि क्या फायरिंग की घटना से पहले अभिनेता को किसी तरह की धमकी मिली थी या उन्हें किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी थी। सूत्रों के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ ने हमले से पहले किसी भी तरह की धमकी मिलने से इनकार किया है।

अमृतसर से खरीदी गई थी जिगाना पिस्टल और 20 गोलियां

इस मामले की जांच में हथियारों की खरीद को लेकर एक अहम जानकारी सामने आई है। क्राइम ब्रांच के सूत्रों के मुताबिक, बिश्नोई गैंग के कथित करीबी अनिल पंडित के निर्देश पर जिगाना पिस्टल और 20 राउंड गोलियां खरीदने की योजना बनाई गई थी। आरोप है कि इन हथियारों के लिए 2.50 लाख रुपये खर्च किए गए थे।

जांच में सामने आए आरोपों के मुताबिक, कुणाल, सुमित और जतिन कथित तौर पर पैसे लेकर अमृतसर गए थे। वहां एक अज्ञात स्थान से पिस्टल और गोलियां लेने के बाद उन्होंने उसी जगह पर रकम रख दी थी। हालांकि हथियार उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की पहचान अभी तक सामने नहीं आई है।

हथियार सप्लाई करने वाले व्यक्ति की तलाश में क्राइम ब्रांच

मुंबई क्राइम ब्रांच अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि अमृतसर में आरोपियों को हथियार किसने उपलब्ध कराए थे। जांच एजेंसी हथियारों की खरीद से लेकर उनके इस्तेमाल तक की पूरी कड़ी जोड़ने की कोशिश कर रही है। पुलिस की जांच का एक अहम पहलू यह भी है कि हथियारों की सप्लाई में कौन-कौन लोग शामिल थे और कथित तौर पर इस पूरी व्यवस्था को किसके निर्देश पर अंजाम दिया गया। इस कड़ी में सामने आने वाली जानकारियां मामले की जांच के लिए महत्वपूर्ण हो सकती हैं। (टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: AP Dhillon-Tara Sutaria विवाद पर Janhvi Kapoor ने ली चुटकी, वीर को दी मजेदार डेटिंग सलाह)

आज MCOCA कोर्ट में पेश होंगे सभी 11 आरोपी

इस मामले में सभी 11 आरोपियों को एक बार फिर MCOCA कोर्ट में पेश किया जाएगा। जांच एजेंसी आरोपियों से जुड़े तथ्यों, हथियारों की खरीद और सप्लाई नेटवर्क के बारे में आगे की जांच कर रही है। फिलहाल, क्राइम ब्रांच की जांच में हथियारों के स्रोत और उन्हें उपलब्ध कराने वाले व्यक्ति की पहचान महत्वपूर्ण बनी हुई है। मामले में सामने आए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के जरिए ही होगी।

Lalit Kumar
ललित कुमार author

ललित कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में बतौर राइटर जुड़े हैं। पत्रकारिता में डिप्लोमा करने के बाद ललित ने एंटरटेनमेंट बीट में अपना करियर शुरू किया और बॉलीवुड, टीवी, वेब सीरीज और सेलेब्रिटी लाइफ से जुड़ी खबरों की गहरी समझ विकसित की। मीडिया में 12 वर्षों से अधिक का अनुभव रखने वाले ललित एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री के ट्रेंड्स, ब्रेकिंग अपडेट्स, फिल्म/वेब सीरीज कवरेज को यूजर-फ्रेंडली अंदाज में पेश करने में माहिर हैं और अबतक 13,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article