Punjab Election 2022: धुरी सीट से जीते भगवंत मान, अब बनेंगे पंजाब के मुख्यमंत्री

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Mar 10, 2022, 01:51 PM IST

Punjab Election 2022: पंजाब विधानसभा चुनाव में भगवंत मान ने अपनी धुरी विधानसभा सीट पर जीत दर्ज कर ली है। उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के दलबीर सिंह गोल्डी चुनाव हार गए हैं।

Punjab Election 2022: धुरी सीट से जीते भगवंत मान, अब बनेंगे पंजाब के मुख्यमंत्री

Punjab Election 2022: पंजाब विधानसभा चुनावों के शुरुआती रुझानों में आम आदमी पार्टी को पूर्ण बहुमत मिलता नजर आ रहा है। पंजाब की 117 सीटों पर 20 फरवरी को मतदान हुआ था और आज वोटों की गिनती हो रही है। मतगणना के बाद साफ हो गया है कि पंजाब में जनता ने आम आदमी पार्टी को जनादेश दिया है। दिल्ली के बाद पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार बन रही है। पंजाब में आम आदमी पार्टी ने अपने सांसद भगवंत मान के चेहरे पर चुनाव लड़ा था और जनता ने उनके चेहरे को स्वीकार किया है। पंजाब विधानसभा चुनाव में भगवंत मान ने अपनी धुरी विधानसभा सीट पर जीत दर्ज कर ली है। उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के दलबीर सिंह गोल्डी चुनाव हार गए हैं।

भगवंत मान के घर पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जमा हुए हैं और जश्न मनाया जा रहा है। भगवंत मान के घर पर सुबह ही मिठाई बन गई थी। आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री का चेहरा होने की वजह से भगवंत मान की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। चुनाव परिणाम आने से पहले ही भगवंत मान के गांव सतौज में जश्न का माहौल है। गांववासियों का कहना है कि साडे पिंड दा मुंडा मुख्यमंत्री बनूंगा। 

भगवंत मान इस समय आम आदमी पार्टी के सांसद हैं। वह दूसरी बार लोकसभा पहुंचे हैं। वह संगरूर सीट से सांसद हैं। धुरी विधानसभा सीट इसी क्षेत्र में आती है। इस विधानसभा सीट में 74 गांव हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों की बात करें तो यहां कुल 1,38,461 मतदाता हैं। इस लिहाज से कहा जा सकता है कि विधानसभा क्षेत्र बहुत बड़ा नहीं है। इससे पहले वह लेहरागागा से पंजाब पीपुल्स पार्टी और जलालाबाद से आप की टिकट पर विस चुनाव लड़ चुके हैं लेकिन वह जीत नहीं सके। 

End of Article