अखिलेश यादव का तंज- 'ओपियम पोल' है ओपिनियन पोल, इससे हमें सावधान रहना है

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 26, 2022, 08:46 PM IST

गणतंत्र दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने ओपिनियन पोल पर तंज कसते हुए कहा कि यह 'ओपियम पोल' है। इससे सावधान रहने की जरूरत है।

अखिलेश यादव का तंज- 'ओपियम पोल' है ओपिनियन पोल, इससे हमें सावधान रहना है

लखनऊ : समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने समाचार चैनलों पर दिखाए जा रहे उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के ओपिनियन पोल पर बुधवार को तंज करते हुए इसे 'ओपियम पोल' करार दिया। यादव ने गणतंत्र दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि भाजपा के नेता अपने बयानों से चुनाव को दूसरी दिशा में ले जाना चाहते हैं। व्हाट्सऐप पर तमाम भ्रांतियां फैलाई जा रही है। ओपिनियन पोल वास्तव में ओपियम (अफीम) पोल है। हमें इससे सावधान रहना है।

गौरतलब है कि सपा ने निर्वाचन आयोग से समाचार चैनलों पर दिखाए जा रहे ओपिनियन पोल को आचार संहिता का उल्लंघन करार देते हुए बंद कराने की मांग की थी। इसे लेकर भाजपा ने सपा पर निशाना साधा था।

सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि देश में कुछ नकारात्मक सोच और समाज को बांटने वाले देश को पीछे ले जाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि देश को आजादी लंबे संघर्ष और हजारों नौजवानों के त्याग और बलिदान से मिली है और हमें इस आजादी, लोकतंत्र और संविधान को बचाने का संकल्प लेना होगा।

यादव ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने किसानों को अपमानित किया है। अन्नदाता का बेटा सीमा की रक्षा कर रहा है। यहां किसानों को बल प्रयोग कर प्रताड़ित किया जा रहा है। उनके आंदोलन को कुचलने के लिए क्या-क्या नहीं किया गया। इस विधानसभा चुनाव को सभी अपना चुनाव समझे। यह निर्णायक होगा।

End of Article