राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा इन दिनों उत्तर प्रदेश से गुजर रही है। इस दौरान राहुल गांधी का साथ देने के लिए अब सहयोगी दलों के नेता भी आने लगे हैं। बिहार में तेजस्वी यादव के बाद अब यूपी में अखिलेश यादव, राहुल गांधी का साथ देने इस मार्च में पहुंचे हैं। रविवार को जब भारत जोड़ो न्याय यात्रा आगरा पहुंची तो समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव शामिल हुए।
गठबंधन के बाद अखिलेश हुए मार्च में शामिल
रविवार को कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यात्रा में समाजवादी पार्टी प्रमुख का स्वागत किया और कहा कि आज बहुत खुशी का दिन है। आगामी लोकसभा चुनाव के लिए उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और सपा के बीच सीट बंटवारे पर सहमति बनने के बाद राहुल गांधी और अखिलेश यादव पहली बार एक साथ नजर आए हैं। सपा और कांग्रेस के पार्टी कार्यकर्ताओं ने अपनी पार्टी के नेताओं के समर्थन में नारे लगाए।
क्या बोले अखिलेश यादव
आगरा में रोड शो के दौरान राहुल और अखिलेश ने हाथ हिलाकर भीड़ का अभिवादन स्वीकार किया। उनके साथ कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी मौजूद थीं। सपा अध्यक्ष ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा- "आज किसान सरकार के खिलाफ खड़े हैं। सरकार किसानों की ताकत से डरी हुई है। आने वाले समय में भाजपा हटेगी और ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार किसानों को सम्मान देगी।"
राहुल के नारे के समर्थन में ट्वीट
इस मार्च में शामिल होने के बाद अखिलेश यादव ने ट्वीट कर कहा- "नफ़रत करनेवालों को भी मोहब्बत सिखा देता है ये ‘आगरा’ है जनाब, जो दिलों को मिला देता है।
