इलेक्शन

'गौरव गोगोई बनेंगे मुख्यमंत्री', कांग्रेस पर्यवेक्षकों की बैठक के बाद सहयोगी बोले- विपक्षी गठबंधन बनाएगा सरकार

Assam Election Result: कांग्रेस पर्यवेक्षकों की बैठक के बाद रायजोर दल के प्रमुख अखिल गोगोई ने दावा किया कि असम में विपक्षी गठबंधन सरकार बनाएगा। अखिल गोगोई ने कहा कि एग्जिट पोल को नज़रअंदाज़ करें।

Image

रायजोर दल अखिल गोगोई

Photo : PTI

Assam Election Result: असम विधानसभा चुनाव के लिए मतदान संपन्न होने के बाद अब सभी की निगाहें चुनावी परिणाम पर टिकी हुई हैं, लेकिन मतदान के बाद जारी हुए एग्जिट पोल ने भाजपा की वापसी के संकेत दिए, जिसने राजनीतिक बयानबाजी तेज कर दी। इस बीच, कांग्रेस ने शनिवार को तमाम अनुमानों को खारिज करते हुए दावा किया कि राज्य में हम अगली सरकार का गठन करने वाले हैं।

'गौरव गोगोई बनेंगे मुख्यमंत्री'

कांग्रेस पर्यवेक्षकों की बैठक के बाद रायजोर दल के प्रमुख अखिल गोगोई ने दावा किया कि असम में विपक्षी गठबंधन सरकार बनाएगा। समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, अखिल गोगोई ने कहा, ''एग्जिट पोल को नज़रअंदाज़ करें, 2026 में विपक्षी गठबंधन सरकार बनाएगा और गौरव गोगोई मुख्यमंत्री बनेंगे।"

इससे पहले, अखिल गोगोई ने कांग्रेस गठबंधन के 70 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा किया। उन्होंने कहा कि असम की जनता बदलाव के पक्ष में वोट कर चुकी है। गोगोई ने एग्जिट पोल पर सवाल उठाते हुए कहा, ''सरकार अपनी तरफ से प्रचार कर रही है, लेकिन करोड़ों मतदाताओं के मुकाबले एग्जिट पोल का सैंपल हजारों में होता है, ऐसे में उनकी विश्वसनीयता पर सवाल उठता है।''

'हम बना रहे हैं अगली सरकार'

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गौरव गोगोई ने भी अगली सरकार बनाने का दावा किया। बैठक के बाद असम गोगोई ने कहा कि हम सभी ने एक-दूसरे को बताया कि ज़मीनी स्तर पर लोग हमें असम में क्या कह रहे हैं... हम अगली सरकार बनाने जा रहे हैं।

होटल पॉलिटिक्स की सुगबुगाहट तेज

चुनावी परिणाम सामने आने से पहले कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डीके शिवकुमार असम पहुंचे, जहां कांग्रेस पर्यवेक्षकों की बैठक में शामिल हुए। इस बैठक में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी मौजूद रहे। बैठक से पहले शिवकुमार ने कहा था कि वह विधायकों का मार्गदर्शन करने और पार्टी की मदद के लिए यहां आए हैं।

इस दौरान, शिवकुमार ने असम में भाजपा की जीत की भविष्यवाणी को सिरे से नकार दिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि एग्जिट पोल अक्सर मतदाताओं के छोटे नमूने के आधार पर परिणाम प्रस्तुत करते हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ता author

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स ... और देखें

End of Article