इलेक्शन

बिहार-यूपी से मतदाता बुलाकर चुनाव प्रभावित कर रही भाजपा;अभिषेक बनर्जी ने लगाए बंगाल की जनसांख्यिकी बदलने के आरोप

तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने भाजपा पर करारा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजरा यूपी और बिहार से लोगों को बंगाल लाकर 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले यहां की जनसांख्यिकी बदलने की कोशिश कर रही है।

Image

टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी। तस्वीर-PTI

तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने मंगलवार को बालुरघाट में एक जनसभा के दौरान भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी पश्चिम बंगाल की जनसांख्यिकी बदलने की कोशिश कर रही है। बनर्जी के अनुसार, भाजपा राज्य के बाहर खास तौर पर बिहार और उत्तर प्रदेश से मतदाताओं को बंगाल के विभिन्न इलाकों में ला रही है ताकि स्थानीय लोगों के मतदान अधिकारों को प्रभावित किया जा सके।

निर्वाचन आयोग के पास की है भाजपा की शिकायत

अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि इस संबंध में उन्होंने निर्वाचन आयोग में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने कहा कि तृणमूल कांग्रेस बार-बार भाजपा पर चुनावी प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाती रही है, जबकि भाजपा तृणमूल सरकार पर तुष्टीकरण की राजनीति और मतदाता सूची में अनियमितताओं का आरोप लगाती है।

भाजपा के डबल इंजन सरकार के नारे पर हमला बोलते हुए बनर्जी ने कहा कि बालुरघाट इस नारे का सबसे बड़ा पीड़ित है। उनके अनुसार, क्षेत्र में भाजपा के सांसद और विधायक होने के बावजूद पांच वर्षों में कोई अतिरिक्त फंड या विकास नहीं हुआ। उन्होंने भाजपा को चुनौती दी कि वह केंद्र और राज्य सरकार के कार्यों का तुलनात्मक रिपोर्ट कार्ड सार्वजनिक करे।

गिनाईं सरकार की योजनाएं

तृणमूल नेता ने पथश्री, लक्ष्मी भंडार और नई युवा साथी जैसी योजनाओं का जिक्र करते हुए दावा किया कि राज्य सरकार ने क्षेत्र के लोगों को प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि पथश्री योजना के तहत सड़कें बनी हैं और युवा साथी योजना की राशि लाभार्थियों को घोषणा के 15 दिनों के भीतर मिली है।

अभिषेक बनर्जी ने भाजपा नेताओं द्वारा लक्ष्मी भंडार की राशि बढ़ाने के वादे पर भी प्रतिक्रिया दी और कहा कि भाजपा पहले किसी भाजपा-शासित राज्य में ऐसी योजना लागू कर दिखाए, तो वह प्रचार करना छोड़ देंगे। उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल में लक्ष्मी भंडार के सभी पात्र लाभार्थियों को सहायता मिल रही है।

महंगाई के मुद्दे पर केंद्र पर बोला हमला

महंगाई के मुद्दे पर केंद्र को घेरते हुए बनर्जी ने कहा कि दूध, चावल, खाद्य तेल से लेकर पेट्रोल तक हर चीज की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था बर्बाद हो चुकी है और भाजपा बंगाल के लोगों को भूखा मारना चाहती है। जनसभा के दौरान उन्होंने लोगों के अपील करते हुए कहा कि फुटबॉल गेम की तरह वे सभी भाजपा को 10-0 से हराएं।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article