दिल्ली में इन दिनों एमसीडी चुनाव को लेकर गहमागहमी है। इस चुनाव में आम आदमी पार्टी टिकट वितरण को लेकर लगातार सवालों के घेरे में है। पार्टी के कुछ नेता और भाजपा ने आप पर आरोप लगाया है कि पैसे लेकर टिकट बांटा जा रहा है। इन्हीं आरोपों के बीच आम आदमी पार्टी के एक विधायक को कार्यकर्ताओं ने घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। हाल ये हुआ कि विधायक गुलाब सिंह यादव को वहां से जान बचाकर भागना पड़ गया।
गुलाब सिंह यादव के साथ मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है। जिसे भाजपा नेता तेजिंदर पाल सिंह बग्गा ने ट्विटर पर शेयर किया है। इस वीडियो में मारपीट होते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में दिख रहा है कि एक मीटिंग जैसा कुछ है, जहां आप विधायक बैठे हैं और कार्यकर्ता उन पर चिल्ला रहे हैं, इसी बीच किसी ने पहले विधायक का कॉलर पकडा और फिर हाथापाई शुरू हो गई। विधायक गुलाब सिंह पर आप के ही कार्यकर्ता टूट पड़े। हाल ये हुआ कि आप विधायक को वहां से भागना पड़ा, हालांकि तब भी कार्यकर्ता उनका पीछा करते रहे।
जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, उसमें जमकर गालियां भी दी जा रही हैं। वीडियो नांगली वार्ड का बताया जा रहा है, जहां आप के कार्यकर्ता पार्टी पर टिकट बेचने का आरोप लगा रहे हैं। पीटने वाले विधायक गुलाब सिंह यादव मटियाला से विधायक हैं। उन पर पहले भी वसूली का आरोप लग चुका है, हालांकि तब वो बरी हो गए थे।
