इलेक्शन

Rajasthan 2nd Phase: राजस्थान में दूसरे चरण के लिए 152 उम्मीदवार मैदान में, कांग्रेस में फूट

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Apr 8, 2024, 10:52 PM IST

Rajasthan 2nd Phase: राजस्थान के सभी 25 लोकसभा क्षेत्रों में कुल 266 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने कहा कि सोमवार को नामांकन वापसी के अंतिम दिन 10 लोकसभा क्षेत्रों के कुल 31 अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन पत्र वापस लिए हैं।

Image

राजस्थान में दूसरे चरण के लिए 152 उम्मीदवार मैदान में

Photo : ANI

Rajasthan 2nd Phase: राजस्थान में दो चरणों में 25 लोकसभा सीटों पर लोकसभा चुनाव होने हैं। दूसरे चरण के लिए राजस्थान में 152 उम्मीदवार मैदान में बचे हैं। वहीं पहले फेज के लिए 114 उम्मीदवार मैदान में हैं। दूसरे चरण के लिए नाम वापसी के आखिरी दिन कांग्रेस में फूट भी देखने को मिली है।

राजस्थान में कुल कितने कैंडिडेट

राजस्थान के सभी 25 लोकसभा क्षेत्रों में कुल 266 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने कहा कि सोमवार को नामांकन वापसी के अंतिम दिन 10 लोकसभा क्षेत्रों के कुल 31 अभ्यर्थियों ने अपने नामांकन पत्र वापस लिए हैं। इन 13 क्षेत्रों में पांच अप्रैल तक 191 अभ्यर्थियों ने नामांकन किए थे, जिसमें से आठ अभ्यर्थियों ने शनिवार को नाम वापस ले लिए।

कहां कितने उम्मीदवार

गुप्ता ने बताया कि सोमवार को जालोर लोकसभा क्षेत्र से सर्वाधिक 10 प्रत्याशियों ने अपने नाम वापस लिए। इसके अतिरिक्त, बाड़मेर से छह, अजमेर, पाली और कोटा लोकसभा क्षेत्रों से तीन-तीन, भीलवाड़ा से दो तथा टोंक-सवाई माधोपुर, जोधपुर, चित्तौड़गढ़ और राजसमन्द लोकसभा क्षेत्रों से एक-एक प्रत्याशी ने नामांकन पत्र वापस लिए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दूसरे चरण में सर्वाधिक 18 उम्मीदवार चित्तौड़गढ़ लोकसभा क्षेत्र से और सबसे कम सात उम्मीदवार झालावाड़-बारां लोकसभा क्षेत्र से मैदान में हैं।

राजस्थान में दो चरणों में मतदान

राजस्थान में लोकसभा चुनाव दो चरणों में 19 और 26 अप्रैल को होंगे। पहले चरण का मतदान 19 अप्रैल और दूसरे चरण का मतदान 26 अप्रैल को होगा। वोटों की गिनती चार जून को होगी। पहले चरण में 19 अप्रैल को 12 सीट गंगानगर, बीकानेर, चूरू, झुंझुनू, सीकर, जयपुर ग्रामीण, जयपुर, अलवर, भरतपुर, करौली-धौलपुर, दौसा और नागौर में मतदान होगा। टोंक-सवाई माधोपुर, अजमेर, पाली, जोधपुर, बाड़मेर, जालौर, उदयपुर, बांसवाड़ा, चित्तौड़गढ़, राजसमंद, भीलवाड़ा, कोटा और झालावाड़-बारां की शेष 13 सीट पर 26 अप्रैल को दूसरे चरण में मतदान होगा।

कांग्रेस में फूट

बांसवाड़ा से कांग्रेस उम्मीदवार अरविंद डामोर ने पार्टी द्वारा भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) के प्रत्याशी को समर्थन दिए जाने की घोषणा के बावजूद नामांकन पत्र वापस नहीं लिया। इसके अलावा बांसवाड़ा जिले की बागीदौरा विधानसभा उपचुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशी कपूर सिंह ने भी नामांकन वापस नहीं लिया। राजस्थान के कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने रविवार शाम 'एक्स' पर पोस्ट किया था कि कांग्रेस आगामी चुनाव में भारतीय आदिवासी पार्टी के प्रत्याशी का समर्थन बांसवाड़ा संसदीय क्षेत्र और बागीदौरा विधानसभा के उपचुनाव में करेगी। भारत के संविधान और लोकतंत्र को बचाना हमारा प्राथमिक उद्देश्य है। नामांकन वापसी के सोमवार को आखिरी दिन कांग्रेस के दोनों उम्मीदवारों अरविंद डामोर (लोकसभा) और कपूर सिंह (विधानसभा उपचुनाव) ने नामांकन वापस नहीं लिया। पार्टी नेताओं का उनसे संपर्क नहीं हो सका। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने सोमवार को जयपुर में कहा कि नामांकन वापस नहीं लेने पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article