Yoga Day 2023: भारत में योग का बहुत पुराना इतिहास है। शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए योग को सबसे सटीक माना गया है। आज कल के भाग दौड़ भरे जीवन की वजह से योग का महत्व भी बढ़ गया है। इसका ही नतीजा है कि अब इस फील्ड में करियर की भी अपार संभावनाएं नजर आ रही हैं। अगर आप भी योग में करियर बनाना चाहते हैं तो यहां हम आपको शैक्षिक योग्यता, आयु सीमा और योग्यता सहित अन्य जानकारी बताने जा रहे हैं।
योग में डिप्लोमा से पीजी तक की डिग्री
योग टीचर बनने के लिए अभ्यर्थी संबंधित विषय से डिप्लोमा, सर्टिफिकेट, यूजी व पीजी कोर्स कर सकते हैं। डिप्लोमा एक शॉर्ट टर्म कोर्स है। वहीं, यूजी कोर्स तीन साल और पीजी कोर्स दो साल के लिए होगा। योग में यूजी के लिए अभ्यर्थी का मान्यता प्राप्त बोर्ड से न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ कक्षा 12वीं पास होना जरूरी है। वहीं, बीपीएड या पीजी में एडमिशन के लिए बैचलर्स की डिग्री अनिवार्य है।
योग की पढ़ाई के लिए टॉप इंस्टीट्यूट
- इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ योगा एंड नेचुरोपैथी, नई दिल्ली
- ईशा हठ योग स्कूल, कोयंबटूर
- पतंजलि इंटरनेशनल योग फाउंडेशन, ऋषिकेश
- विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी, कन्याकुमारी
- महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक
- राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय, उत्तर प्रदेश
- श्री लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली
- मोरारजी देसाई नेशनल इस्टीट्यूट ऑफ योग, दिल्ली
- देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार
- बिहार योग भारती, मुंगेर
- भारतीय विद्या भवन, दिल्ली
जब हम योग की बात करते हैं तो हमारे दिमाग में तरह तरह के आसन, प्राणायाम, ध्यान और मुद्राएं आती हैं। हालांकि, योग में करियर बनाने के लिए इन सभी चीजों के साथ ही आपका अच्छा स्पीकर होना बहुत जरूरी है। इसके अलावा जीवन में अनुशासन, नियमित दिनचर्या और ऊर्जावान होने के साथ ही लोगों से कनेक्ट करने की क्षमता होनी जरूरी है।
कितनी मिलेगी सैलरी
अभ्यर्थी योग शिक्षक बनने के अलावा योग सेंटर, हेल्थ केयर सेक्टर, जिम, असपताल में भी जॉब कर सकते हैं। इसके अलावा एयरोबिक्स इंस्ट्रक्टर, योग थेरेपिस्ट थेरेपिस्ट एंड नैचूरोपैथ्स के तौर पर काम किया जा सकता है। भारत में योग प्रशिक्षक को प्रतिमाह 15 हजार से 30 हजार रुपए महीने तक वेतन मिलता है। हालांकि, कुछ साल के अनुभव के बाद आप हर महीने लाखों रुपए कमा सकते हैं।
