Government Jobs on Gate Score: जिस प्रकार बीटेक कोर्स के लिए जेईई और जेईई एडवांस्ड परीक्षा महत्वपूर्ण मानी जाती है, ठीक उसी प्रकार से इंजीनियरिंग में मास्टर यानी एमटेक और पीएचडी करने के लिए ग्रेजुएट एप्टीट्यूड टेस्ट इन इंजीनियरिंग यानी गेट (GATE) परीक्षा बहुत जरूरी है। लेकिन आपको बता दें कि गेट परीक्षा केवल पोस्टग्रेजुएशन कोर्स में प्रवेश के लिए ही नहीं, बल्कि कई सरकारी नौकरियों के लिए भी महत्वपूर्ण है।
जी हां, आपने सही सुना, गेट का दायरा केवल उच्च शिक्षा तक ही सीमित नहीं है। वर्तमान में एक अच्छा गेट स्कोर सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) में सीधे उच्च वेतन वाली सरकारी नौकरियों और प्रतिष्ठित शोध संस्थानों में अवसरों का द्वार खोलता है। इंजीनियरिंग ग्रेजुएट के लिए गेट की परीक्षा करियर को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का एक बेहद जरूरी रास्ता बन चुका है। लेकिन वह कंपनियां है कौन सी, जो गेट स्कोर पर नौकरी प्रदान करती हैं, आइए उनके बारे में जानें -
GATE स्कोर के आधार पर मिलने वाली प्रमुख नौकरियां
| प्रतिष्ठित अनुसंधान संस्थान | DRDO (वैज्ञानिक 'B' पद), ISRO, BARC में वैज्ञानिक और तकनीकी अधिकारी का पद |
| कैबिनेट सचिवालय / केंद्र सरकार | ग्रुप 'A' अधिकारी स्तर की भर्तियां (जैसे सीनियर फील्ड ऑफिसर) |
| राज्य स्तरीय बिजली निगम | राज्य विद्युत बोर्डों में असिस्टेंट इंजीनियर (AE) के पद |
गेम चेंजर क्यों है गेट स्कोर?
गेट परीक्षा कई छात्रों के लिए गेम चेंजर से कम नहीं है, क्योंकि देश की शीर्ष पीएसयू कंपनियां बिना किसी अलग लिखित परीक्षा के केवल गेट कट-ऑफ स्कोर के आधार पर उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट करती हैं और सीधे इंटरव्यू या ग्रुप डिस्कशन (GD) के माध्यम से आकर्षक सैलरी पैकेज पर भर्ती करती हैं। इतना ही नहीं, यदि आप डीआरडीओ (DRDO) या BARC जैसे रक्षा और परमाणु अनुसंधान केंद्रों में जूनियर रिसर्च फेलो (JRF) के रूप में जुड़ते हैं, तो स्टाइपेंड के साथ-साथ सीधे वैज्ञानिक पद पर नौकरी करने का अवसर मिलता है। इसके अलावा सिंगापुर की नेशनल यूनिवर्सिटी (NUS) और जर्मनी की प्रमुख यूनिवर्सिटी में भी एम.एस. (M.S.) कोर्स में प्रवेश के लिए गेट स्कोर स्वीकार किया जाता है, जिससे विदेश से पढ़ाई की इच्छा रखने वाले छात्रों को सहायता मिलती है।
गेट स्कोर के आधार पर इन कंपनियों में मिलती है नौकरी
| एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) |
| भारत हेवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (BHEL) |
| भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) |
| कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) |
| सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम्स (CRIS) |
| चेनाब वैली पावर प्रोजेक्ट्स लिमिटेड (CVPPL) |
| दामोदर वैली कॉर्पोरेशन (DVC) |
| इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (ECIL) |
| इंजीनियर्स इंडिया लिमिटेड (EIL) |
| गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (GAIL) |
| हिंदुस्तान एरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) |
| इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL) |
| माजगांव डॉक शिपबिल्डर्स लिमिटेड (MDSL) |
| नेशनल एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड (NALCO) |
| नेशनल हाइवेज अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) |
| एनएलसी इंडिया लिमिटेड (NLCIL) |
| नेशनल मिनरल डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (NMDC) |
| न्यूक्लियर पावर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NPCIL) |
| नेशनल थर्मल पावर कॉर्पोरेशन (NTPC) |
| ओडिशा पावर जनरेशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (OPGC) |
| ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉर्पोरेशन (ONGC) |
| पावर ग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (POWERGRID) |
| ग्रिड कंट्रोलर ऑफ इंडिया लिमिटेड (GRID-INDIA) |
| राष्ट्रीय इस्पात निगम लिमिटेड (RINL) |
| स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (SAIL) |
गेट की क्या है वैधता
कई उम्मीदवारों के मन में अक्सर गेट परीक्षा की वैधता को लेकर सवाल रहते हैं। बता दें कि गेट परीक्षा का स्कोर अन्य एंट्रेंस टेस्ट की तरह नहीं होता है, बल्कि उसका स्कोर कार्ड परिणाम घोषित होने की तिथि से 3 वर्ष तक वैध रहता है, जिससे अभ्यर्थियों को अलग-अलग अवसरों के लिए पर्याप्त समय मिलता है।
नौकरी के लिए नोटिफिकेशन की जानकारी
अगर आप भी गेट स्कोर के आधार पर नौकरी करने की इच्छा रखते हैं तो परीक्षा पास करने के बाद विभिन्न PSUs के इंडिविजुअल नोटिफिकेशन पर नज़र रखें, क्योंकि उनका आवेदन विंडो अलग से खुलता है।
