उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने सहायक लेखाकार और लेखा परीक्षक भर्ती से जुड़ी जरूरी सूचना जारी की है। आयोग की ओर से 30 सितंबर 2026 को जारी नोटिस में बताया गया है कि अंतिम चयन परिणाम में औपबंधिक रूप से शामिल 39 अभ्यर्थियों के दस्तावेजों की जांच और व्यक्तिगत सुनवाई 17 अक्टूबर 2026 को की जाएगी। यह भर्ती विज्ञापन संख्या-03-परीक्षा/2024 के तहत सहायक लेखाकार और लेखा परीक्षक मुख्य परीक्षा से संबंधित है।
इसके तहत आंतरिक लेखा एवं लेखा परीक्षा निदेशालय में सहायक लेखाकार के 668 सामान्य चयन और 950 विशेष चयन के पद थे। इसके अलावा लेखा परीक्षक के 209 सामान्य चयन पद और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के नियंत्रणाधीन सहायक लेखाकार का 1 पद शामिल था। इस तरह कुल 1828 पदों के मुकाबले 1643 अभ्यर्थियों का अंतिम चयन परिणाम 12 अगस्त 2026 को घोषित किया गया था।
39 अभ्यर्थियों को दस्तावेज लेकर बुलाया गया
आयोग द्वारा जारी नोटिस के अनुसार, अंतिम चयन परिणाम में औपबंधिक रूप से शामिल 39 अभ्यर्थियों के शैक्षिक योग्यता, आरक्षण, अनापत्ति और अन्य संबंधित दस्तावेजों की जांच की जानी है। इसके लिए इन उम्मीदवारों को 17 अक्टूबर को आयोग कार्यालय में व्यक्तिगत सुनवाई के लिए बुलाया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: UPSSSC: प्लाटून कमांडर / ब्लाक ऑर्गनाइजर मुख्य परीक्षा के अंतर्गत शार्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों का परिणाम और कटऑफ अंक जारी
सुबह 10 बजे पहुंचना होगा
संबंधित अभ्यर्थियों को निर्धारित तारीख पर सुबह 10 बजे UPSSSC कार्यालय, पिकप भवन, तृतीय तल, गोमतीनगर, लखनऊ में उपस्थित होना होगा। उम्मीदवारों को अपने सभी जरूरी दस्तावेजों की मूल प्रतियों के साथ उनकी फोटोकॉपी और फोटो लगी हुई पहचान पत्र भी साथ लाना होगा।
आयोग ने अपने नोटिस में साफ कहा है कि यह व्यक्तिगत सुनवाई अंतिम मौका है। इसके बाद अतिरिक्त सुनवाई का अवसर नहीं दिया जाएगा। उम्मीदवारों को सलाह है कि वे नोटिस में दिए अपने अनुक्रमांक की जांच कर सभी जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: SSC ने जारी किया CHSL परीक्षा का नोटिफिकेशन, 2536 पदों पर होगी भर्ती, जानें कब तक कर सकते हैं आवेदन
