एजुकेशन

Education News Today: पीसीएस-प्री की परीक्षा में महज 42 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए

Education News Today in Hindi: पिछले महीने छात्र आंदोलन को लेकर सुर्खियों में रही पीसीएस प्री की परीक्षा रविवार को सकुशल संपन्न हो गई। हालांकि इस परीक्षा में लगभग 42 प्रतिशत अभ्यर्थी ही शामिल हुए।

Image

पीसीएस-प्री की परीक्षा में महज 42 प्रतिशत अभ्यर्थी शामिल हुए (image - canva)

UPPSC PCS Exam 2024, Education News Today: पिछले महीने छात्र आंदोलन को लेकर सुर्खियों में रही पीसीएस प्री की परीक्षा आज रविवार 22 दिसंबर को सकुशल संपन्न हो गई। हालांकि इस परीक्षा में लगभग 42 प्रतिशत अभ्यर्थी ही शामिल हुए। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “रविवार को सम्मिलित राज्य / प्रवर अधीनस्थ सेवा (प्रारंभिक) परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। परीक्षा की सुचिता के लिहाज से दोहरी स्तर की व्यवस्था की गई थी जिसमें पुलिस और एजेंसी अलग अलग जांच कर रही थी।”

उन्होंने बताया, “इसके अलावा, आंख की पुतलियों से मिलान और बायोमीट्रिक उपस्थिति दर्ज की गई। साथ ही सभी परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी फुटेज की लाइव स्ट्रीमिंग की गई। आयोग में बने नियंत्रण कक्ष से हर केंद्र के हर अभ्यर्थी पर नजर रखी गई।”

सीसीटीवी कैमरों से था लैस

सचिव ने बताया कि पूरे प्रदेश में 1331 केंद्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए यह निगरानी की गई और जैसे ही कोई अभ्यर्थी इधर-उधर घूमता दिखा तो संबंधित केंद्र को तुरंत अलर्ट किया गया।

ईयरफोन लेकर आया था छात्र

उन्होंने बताया कि पूरे प्रदेश में केवल एटा में एक परीक्षा केंद्र- जवाहरलाल नेहरू पीजी कॉलेज में एक अभ्यर्थी ईयरफोन लेकर आ गया था जिसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। कुमार ने बताया कि परीक्षा सकुशल संपन्न होने के साथ इसके परिणाम जल्द से जल्द जारी करने के लिए रणनीति बनाई जाएगी।

5,76,154 अभ्यर्थियों ने किया था आवेदन

पीसीएस (प्री) परीक्षा के लिए कुल 5,76,154 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था जिसमें से महज 2,41,212 अभ्यर्थी (लगभग 42 प्रतिशत) परीक्षा में शामिल हुए।

पीसीएस प्री और आरओ-एआरओ की परीक्षा दो दिन में कराने के उप्र लोक सेवा आयोग के पूर्व के निर्णय के खिलाफ प्रतियोगी छात्रों ने 11 नवंबर को आयोग के गेट के सामने आंदोलन किया था, जो पांच दिनों तक चला था।

पीसीएस प्री की परीक्षा एक ही दिन में संपन्न कराने की आयोग की घोषणा के बाद छात्रों ने आंदोलन खत्म किया था।

(भाषा इनपुट के साथ)

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article