एजुकेशन

UP: प्रवक्ता के 2615 पदों पर जल्द होगी भर्ती, पीजीटी भर्ती में हिंदी के सबसे ज्यादा 374 पद

अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) के लिए 2615 पदों की रिक्तियों का जो विवरण (अधियाचन) उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को पोर्टल पर ऑनलाइन भेजा गया है।

Image

प्रवक्ता के पदों पर जल्द भर्ती करेगी योगी सरकार

अशासकीय सहायता प्राप्त (एडेड) माध्यमिक विद्यालयों में प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी) के लिए 2615 पदों की रिक्तियों का जो विवरण (अधियाचन) उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग को पोर्टल पर ऑनलाइन भेजा गया है। जिसके बाद जल्द इन पदों पर भर्ती की उम्मीद जगी है। शिक्षा निदेशालय की ओर से भेजे गए अधियाचन में पुरुष एवं महिला संवर्ग के साथ आरक्षण श्रेणी के क्रम में रिक्त पद दर्शाए गए हैं। शिक्षा सेवा चयन आयोग पदों का परीक्षण कर रहा है। इसमें जो त्रुटियां हैं, उसे ठीक कराने के साथ चयन प्रक्रिया शुरू करने के लिए विज्ञापन जारी किया जाएगा।

भेजी गई जानकारी में सबसे ज्यादा 374 रिक्त पद हिंदी विषय में हैं। दूसरे स्थान पर अंग्रेजी विषय है, जिसमें रिक्त पदों की संख्या 285 है।

विषयवार रिक्त पदों के क्रम में तीसरे नंबर पर संस्कृत विषय है, जिसमें 264 पद हैं। भूगोल विषय में 248 पद, समाजशास्त्र में 202, रसायन विज्ञान में 185 पद रिक्त दर्शाए गए हैं। आठ विषय ऐसे हैं, जिसमें केवल एक-एक पद ही रिक्त है। शिक्षा निदेशालय ने कुल 34 विषयों में रिक्त पदों पर भर्ती के लिए अधियाचन भेजा है।

रसायन विज्ञान में 185 पद

रसायन विज्ञान में 185 पद रिक्त हैं। नागरिक शास्त्र और भौतिक विज्ञान में समान रूप से 132-132 पद खाली हैं। इसी क्रम में जीवविज्ञान में 130, इतिहास व गणित में 112-112 पद, समाजशास्त्र में 84, चित्रकला में 69, वाणिज्य में 63, मनोविज्ञान में 50, शिक्षा शास्त्र में 40, कृषि विषय में 32, शारीरिक शिक्षा में 21 और उर्दू में 13 पदों पर भर्ती की जाएगी।

तर्कशास्त्र, सैन्य विज्ञान एवं गृहविज्ञान में समान रूप से 12-12 पद खाली हैं। संगीत वादन में 11, संगीत गायन में छह और शस्य विज्ञान में चार पदों पर चयन प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। इसके अलावा सबसे कम एक-एक पद कृषि अर्थशास्त्र, चित्रकला प्राविधिक, पशुधन एवं दुग्ध विज्ञान, कृषि रसायन, कृषि भौतिक विज्ञान, कृषि गणित, कृषि अभियांत्रिकी एवं कृषि जीवविज्ञान विषय में हैं।

126 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में मांगे शारीरिक व कला शिक्षकों के पद

प्रदेश में 126 नवसृजित राजकीय माध्यमिक विद्यालयों एवं पूर्व से संचालित पदविहीन राजकीय विद्यालयों में राजकीय शिक्षक संघ ने शारीरिक शिक्षा और कला शिक्षकों के पद सृजित करने की मांग की है। इस संबंध में शिक्षा निदेशक (माध्यमिक) को पत्र भेजा गया है।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article