एजुकेशन

UP Police Constable Exam: यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए योगी सरकार का फुलप्रूफ प्लान, सेंटर्स पर रहेगी STF, ड्रोन कैमरों से होगी चेकिंग

UP Police Constable Exam 2024: 23 अगस्त से उत्तर प्रदेश के 67 जिलों में पुलिस आरक्षी के 60,244 पदों पर चयन के लिए लिखित परीक्षा होने जा रही है। योगी सरकार द्वारा प्रदेश के इतिहास की सबसे बड़ी पुलिस भर्ती परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए अभेद्य प्लान तैयार किया गया है। परीक्षा केंद्र ही नहीं रास्तों पर भी होगी सीसीटीवी की नजर, ड्रोन कैमरों से होगी हॉटस्टॉपट्स की चेकिंग।

Image

UP Police Constable Exam 2024

UP Police Constable Exam 2024: योगी सरकार द्वारा प्रदेश के इतिहास की सबसे बड़ी पुलिस भर्ती परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए अभेद्य प्लान तैयार किया गया है। योगी सरकार की ओर से तैयार फूलप्रूफ प्लान पर कोई पंरिदा भी पर नहीं मार सकता। इसके लिए योगी सरकार की ओर से जहां भरपूर टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर चप्पे-चप्पे पर पुलिस फोर्स तैनात की जा रही है। सीएम योगी के निर्देश पर इस बार परीक्षा केंद्रों के रास्तों पर भी सीसीटीवी से नजर रखी जाएगी। साथ ही चिन्हित हॉटस्पॉट्स की ड्रोन कैमरों से चेकिंग की जाएगी। इसके अलावा एसटीएफ, लोकल पुलिस, क्राइम ब्रांच समेत कई एजेंसियां परीक्षा केंद्रों के आस-पास सक्रिय रहेंगी। मालूम हाे कि 23 अगस्त से प्रदेश के 67 जिलों में पुलिस आरक्षी के 60,244 पदों पर चयन के लिए लिखित परीक्षा होने जा रही है। उम्मीदवार अपना एडमिट कार्ड आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त 2024 को आयोजित की जाएगी।

UP Police Exam 2024: सीसीटीवी, ड्रोन से होगी हॉटस्पॉट्स की चेकिंग

डीजीपी प्रशांत कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक की थी, जिसमें उन्होंने परीक्षा की तैयारियों को लेकर बारीकी से चर्चा की। अपर पुलिस महानिदेशक एसटीएफ, यातायात, रेलवे, डायल-112 के साथ सभी जोन के एडीजी, पुलिस कमिश्नर, आईजी, डीआईजी, एसएसपी और एसपी को अपने-अपने जिलों में अलर्ट रहने के निर्देश दिये गये हैं। इस बार परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए परीक्षा केन्द्रों के रास्तों पर सीसीटीवी कैमरों से विशेष नजर रखी जाएगी। इसके साथ ही अति संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त नये सीसीटीवी लगाए जा रहे हैं। वहीं चिन्हित हॉटस्पॉट्स पर ड्रोन कैमरों से चेकिंग की व्यवस्था की गई है।

UP Police Bharti Exam: राडार पर साइबर कैफे और मोटरसाइकिल स्टैंड

पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए 67 जिलोंं के जिन थाना क्षेत्रों में परीक्षा केन्द्र बनाये गये हैं, वहां यूपी-112 पीआरवी के वाहनों के चार्ट में परीक्षा केन्द्र के आस-पास के महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील स्थानों को भी चिन्हित किया गया है। इन स्थानों पर लगातार पीआरवी की मूवमेंट रहेगी ताकि असामाजिक तत्वों का चिन्हीकरण करते हुए अभिसूचना विभाग, एसटीएफ तथा जनपदीय पुलिस द्वारा परस्पर उच्च स्तरीय समन्वय स्थापित कर अतिरिक्त सतर्कता बरती जाये। इतना ही नहीं परीक्षा केन्द्रों के आस-पास ध्वनि विस्तारक यन्त्रों का प्रयोग तथा परीक्षा परिसर में मोबाइल, आईटी गैजेट्स एवं अन्य आपत्तिजनक सामग्री ले जाने के संबंध में दिये गये गाइड लाइन का पूर्णतः पालन सुनिश्चित कराया जाएगा। वहीं परीक्षा केन्द्रों के प्रवेश स्थलों पर अभ्यर्थियों की तलाशी में सहयोग के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस कर्मी (महिला / पुरुष कर्मी) तैनात किये जाएंगे। इसके अलावा परीक्षा केन्द्रों के आस-पास स्थित फोटो काॅपी मशीन की दुकानों, साइबर कैफे, मोटरसाइकिल स्टैंड आदि के आस-पास प्रभावी चेकिंग की जाएगी।

सभी कंट्रोल रूम को किया गया और सुपर एक्टिव

प्रश्नपत्रों को परीक्षा केन्द्रों तक पहुंचाने एवं उत्तर पुस्तिकाओं को कोषागार तक पहुंचाने के लिए जनपदीय पुलिस नोडल अधिकारी और आब्जर्वर की निगरानी में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है। वहीं परीक्षा में प्रदेश के बाहर के अभ्यर्थी भी शामिल होंगे। ऐसे में रेलवे, राज्य सड़क परिवहन निगम के अधिकारियों से समन्वय स्थापित करते हुए सर्तक रहने के निर्देश दिये गये हैं। इतना ही नहीं जिन जनपदों में परीक्षा केन्द्र नहीं बनाये गये हैं, वहां भी विशेष सतर्कता रखते हुए यातायात व अन्य आवश्यक कार्यवाही समयान्तर्गत सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं। इसके अलावा जनपद और कमिश्नरेट के कंट्रोल रूम को और अधिक सक्रिय कर दिया गया है। किसी भी आकस्मिकता की स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल चिन्हित कर लिये गये हैं। इसके लिए जिला मजिस्ट्रेट तथा चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को अलर्ट कर दिया गया है। इसके साथ ही अफवाहों पर रोक लगाने के लिए सोशल मीडिया सेल, जनपदीय अभिसूचना तंत्र को और अधिक सक्रिय व सतर्क कर दिया गया है। वह परीक्षा से संबंधित समस्त अफवाहों व अन्य सोशल मीडिया पोस्ट का तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कदम उठाएंगे।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article