UP Police Constable Re Exam 2024, UP Police Constable New Exam Date: उत्तर प्रदेश सरकार ने यूपी पुलिस कांस्टेबल परीक्षा रद्द कर दी है। अब इस परीक्षा में शामिल लाखों युवाओं के मन में एक ही सवाल है कि आखिर यूपी पुलिस कांस्टेबल री-एग्जाम 2024 कब होगा। बता दें कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPBPB) द्वारा कांस्टेबल री-एग्जाम की डेट बहुत जल्द ही जारी की जा सकती है। अभ्यर्थी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर एग्जाम की डेट चेक कर सकेंगे।
UP Police Constable Exam 2024: फरवरी में हुई थी कांस्टेबल परीक्षा
यूपी पुलिस कांस्टेबल एग्जाम का आयोजन 17 फरवरी और 18 फरवरी को किया गया था। यह परीक्षा सुबह 10 बजे से 12 बजे तक और दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक हुई। हालांकि, पेपर लीक होने के चलते सरकार ने इस परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है। सरकार का कहना है कि अगले छह महीने के अंदर दोबारा परीक्षा कराई जाएगी।
UP Police Constable Exam 2024: निरस्त हुई यूपी पुलिस कांस्टेबल परीक्षा
यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि आरक्षी नागरिक पुलिस के पदों पर चयन के लिए आयोजित परीक्षा-2023 को निरस्त करने तथा आगामी 06 माह के भीतर ही पुन: परीक्षा कराने के आदेश दिए हैं। परीक्षाओं की शुचिता से कोई समझौता नहीं किया जा सकता। युवाओं की मेहनत के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी दशा में बख्शे नहीं जाएंगे। ऐसे अराजक तत्वों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होनी तय है।
UP Police Constable Re Exam 2024 Date: अगस्त तक होगी परीक्षा
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो यूपी पुलिस कांस्टेबल एग्जाम का आयोजन अगस्त या उससे पहले किया जा सकता है। हालांकि, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने फिलहाल परीक्षा की सटीक तारीख का ऐलान नहीं किया है। यूपी पुलिस कांस्टेबल एग्जाम व एडमिट कार्ड पर अपडेट आते ही आपको सबसे पहले यहां सूचित किया जाएगा।
UP Police Constable Recruitment 2024: कितने पदों पर होगी भर्ती
इस परीक्षा के माध्यम से यूपी पुलिस में कांस्टेबल के कुल 60,244 रिक्त पदों पर भर्ती की जानी है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यूपी पुलिस कांस्टेबल एग्जाम के लिए 48 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। वहीं, परीक्षा में लगभग 43 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए। लेटेस्ट अपडेट्स के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट विजिट करते रहें।
