एजुकेशन

Study in India Portal: भारत को ग्लोबल एजुकेशन हब बनाने की शिक्षा मंत्रालय की बड़ी पहल, विदेशी छात्रों के लिए 8000 से अधिक कोर्सेज

Study in India: शिक्षा मंत्रालय के स्टडी इन इंडिया पोर्टल का मुख्य उद्देश्य इंटरनेशनल स्टूडेंट्स को शिक्षा के लिए आकर्षित करना है। इस स्कीम के जरिए इंडिया को एक ग्लोबल एजुकेशन हब बनाने की तैयारी की जा रही है।

Image

Study in India (Photo - AI)

Study in India: भारत सरकार के उच्च शिक्षा विभाग, शिक्षा मंत्रालय द्वारा शुरू की गई 'स्टडी इन इंडिया' (SII) स्कीम देश के शिक्षा क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव लाने के लिए शुरू की गई है। बता दें कि यह स्कीम आज की नहीं है, इसे 8 साल पहले लॉन्च किया गया था। इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य मकसद बेहतर पहुंच, आसान प्रक्रियाओं और सही पॉलिसी सपोर्ट के जरिए दुनिया भर के इंटरनेशनल स्टूडेंट्स को शिक्षा के लिए भारत में आकर्षित करना है। इसके स्कीम के माध्यम से भारत को वैश्विक स्तर पर एक प्रीमियम एजुकेशन हब के तौर पर स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है।

8 साल पहले लॉन्च हुई थी स्कीम

शिक्षा मंत्रालय द्वारा इस संबंध में हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट किया गया है। पोस्ट के अनुसार, इस मुहिम को डिजिटल रूप देने के लिए 'Study in India (SII) Portal' को अगस्त 2018 में लॉन्च किया गया था। तब से लेकर अब तक विदेशी छात्रों के बीच भारत में आकर पढ़ाई करने का क्रेज तेजी से बढ़ा है। इस पोर्टल पर अब तक 1.69 लाख से अधिक रजिस्ट्रेशन दर्ज किए जा चुके हैं। रजिस्टर छात्रों की संख्या को देखकर यह पता लगता है कि वैश्विक स्तर पर भारतीय शिक्षा की मांग लगातार बढ़ रही है और अधिक से अधिक विदेशी छात्र भारत से शिक्षा प्राप्त करना चाहते हैं।

900 से अधिक संस्थान में हजारों कोर्सेज का ऑप्शन

विदेशी छात्रों को भारत में बेहतरीन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए इस पोर्टल पर देश के टॉप हायर एजुकेशन देने वाले संस्थानों (HEIs) को जोड़ा गया है। शिक्षा मंत्रालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, वर्तमान में यह पोर्टल 908 से अधिक उच्च शिक्षण संस्थानों (HEIs) को होस्ट करता है। सिर्फ इतना ही नहीं, इंटरनेशनल स्टूडेंट्स अपनी रुचि के अनुसार सही करियर चुन सकें, इसके लिए पोर्टल पर 8,000 से अधिक कोर्सेज उपलब्ध कराए गए हैं। इस पोर्टल के माध्यम से विदेशी छात्र इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट, ह्यूमैनिटीज से लेकर भारतीय संस्कृति और आयुर्वेद जैसे विभिन्न विषयों की पढ़ाई के लिए आवेदन कर सकते हैं और ज्ञान अर्जित कर सकते हैं।

सोशल मीडिया पर मुहिम की आउटरीच

'स्टडी इन इंडिया' कार्यक्रम को दुनिया के कोने-कोने तक पहुंचाने के लिए शिक्षा मंत्रालय ने बड़े स्तर पर इसकी पहुंच बढ़ाने का प्रयास किया है। जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर इस मुहिम की आउटरीच और फॉलोअर्स की संख्या 458K (4.58 लाख) से भी अधिक हो गई है। इस मजबूत डिजिटल कनेक्टिविटी और पॉलिसी सपोर्ट के दम पर भारत अब अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए एक पसंदीदा के साथ एक किफायती एजुकेशनल डेस्टिनेशन बनकर उभर रहा है।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article