एजुकेशन

Sainik School Admission: सैनिक स्कूल में एडमिशन के लिए आवेदन फॉर्म कब आते हैं? जानें क्लास, उम्र और जरूरी दस्तावेज

Sainik School Admission Process Online Form: सैनिक स्कूल में एडमिशन के लिए आवेदन फॉर्म कब आते हैं? किस कक्षा में प्रवेश मिलता है, एडमिशन के लिए क्या उम्र होनी चाहिए और फॉर्म भरते समय कौन-कौन से दस्तावेज चाहिए।

Image

सैनिक स्कूल में एडमिशन के लिए आवेदन फॉर्म कब आते हैं? (Image - ChatGPT)

Sainik School Admission Process Online Form: सैनिक स्कूल में पढ़ाई करने का सपना देखने वाले बच्चों और उनके माता-पिता के मन में अक्सर सवाल रहता है कि एडमिशन के लिए आवेदन फॉर्म कब आते हैं? किस कक्षा में प्रवेश मिलता है, एडमिशन के लिए क्या उम्र होनी चाहिए और फॉर्म भरते समय कौन-कौन से दस्तावेज चाहिए। सैनिक स्कूलों में प्रवेश के लिए National Testing Agency (NTA) की ओर से All India Sainik Schools Entrance Examination यानी AISSEE आयोजित की जाती है। वर्तमान व्यवस्था में सैनिक स्कूलों और नए सैनिक स्कूलों में मुख्य प्रवेश कक्षा 6 और कक्षा 9 के लिए होता है।

सैनिक स्कूल में एडमिशन के लिए फॉर्म कब आते हैं?

इसके लिए कोई फिक्स तारीख या महीना नहीं है, लेकिन सैनिक स्कूल में एडमिशन के लिए AISSEE का आवेदन आमतौर पर साल के दूसरे हिस्से में शुरू होता है। उदाहरण के तौर पर, शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए NTA ने आवेदन प्रक्रिया 10 अक्टूबर 2025 से शुरू की थी और शुरुआती कार्यक्रम के अनुसार 30 अक्टूबर 2025 तक आवेदन मांगे गए थे। बाद में आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ाई भी गई थी। इसलिए अगले सत्र के लिए आवेदन की तारीख जानने के लिए NTA की आधिकारिक AISSEE वेबसाइट (exams.nta.nic.in/sainik-school-society) पर नजर रखना ठीक रहेगा। आवेदन ऑनलाइन माध्यम से किया जाता है।

सैनिक स्कूल में एडमिशन किस क्लास से होता है?

  • सैनिक स्कूलों में मुख्य रूप से कक्षा 6 और कक्षा 9 में प्रवेश लिया जा सकता है। कक्षा 6 में प्रवेश के लिए बच्चे को कक्षा 5 पास या उसमें पढ़ रहा होना चाहिए, जबकि कक्षा 9 में प्रवेश के लिए कक्षा 8 पास या उसमें अध्ययनरत होना जरूरी होता है।
  • कक्षा 6 और 9 में प्रवेश के लिए अलग-अलग परीक्षा पैटर्न और पात्रता शर्तें होती हैं। सीट उपलब्धता के आधार पर प्रवेश दिया जाता है और चयन में परीक्षा परिणाम के साथ अन्य निर्धारित शर्तों को भी पूरा करना होता है।

सैनिक स्कूल में एडमिशन के लिए उम्र कितनी होनी चाहिए?

  • AISSEE 2026 के लिए कक्षा 6 में प्रवेश लेने वाले बच्चे की उम्र 31 मार्च 2026 को 10 से 12 वर्ष के बीच होनी चाहिए। इस हिसाब से बच्चे का जन्म 1 अप्रैल 2014 से 31 मार्च 2016 के बीच होना चाहिए था।
  • वहीं कक्षा 9 में प्रवेश के लिए उम्मीदवार की उम्र 31 मार्च 2026 को 13 से 15 वर्ष के बीच निर्धारित थी। इसके लिए जन्मतिथि 1 अप्रैल 2011 से 31 मार्च 2013 के बीच होनी चाहिए थी।
  • ध्यान रखें कि हर नए शैक्षणिक सत्र के लिए कटऑफ तारीख और जन्मतिथि की सीमा बदल सकती है। इसलिए आवेदन करते समय उस साल के आधिकारिक नोटिफिकेशन को जरूर देखें।

सैनिक स्कूल का फॉर्म भरने के लिए कौन-कौन से दस्तावेज चाहिए?

  • आवेदन के दौरान सामान्य तौर पर बच्चे की पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, बाएं हाथ के अंगूठे का निशान, जन्म प्रमाण पत्र और डोमिसाइल/निवास प्रमाण पत्र पास होना चाह‍िए। लागू होने पर जाति या श्रेणी प्रमाण पत्र भी देना पड़ सकता है।
  • अगर बच्चा रक्षा कर्मी की श्रेणी से आवेदन कर रहा है, तो संबंधित सर्विस सर्टिफिकेट या पूर्व सैनिकों के लिए जरूरी दस्तावेज भी मांगे जा सकते हैं। वहीं मान्यता प्राप्त नए सैनिक स्कूल में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए स्कूल के प्रधानाचार्य का निर्धारित प्रमाण पत्र भी जरूरी हो सकता है।
  • एडमिशन के समय मूल दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जाता है। इसलिए सही जानकारी दें।

सैनिक स्कूल में एडमिशन कैसे मिलता है?

सैनिक स्कूल में प्रवेश के लिए उम्मीदवार को AISSEE में शामिल होना होता है। परीक्षा में प्रदर्शन के आधार पर मेरिट तैयार की जाती है। इसके बाद योग्य उम्मीदवारों को निर्धारित काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेना होता है। अंतिम प्रवेश सीट की उपलब्धता, मेरिट, पात्रता, मेडिकल फिटनेस और दस्तावेजों के सत्यापन जैसी शर्तों के आधार पर होता है। इसलिए केवल प्रवेश परीक्षा पास कर लेना ही एडमिशन की गारंटी नहीं है। उम्मीदवार को काउंसलिंग और बाकी जरूरी प्रक्रियाएं भी पूरी करनी होती हैं।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article