RRB Group D Result 2024 OUT: रेलवे में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने सीईएन 08/2024 ग्रुप डी भर्ती परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया है। लंबे समय से रिजल्ट का इंतजार कर रहे अभ्यर्थी अब आरआरबी की संबंधित क्षेत्रीय वेबसाइट पर जाकर अपना स्कोर और क्वालिफाइंग स्टेटस चेक कर सकते हैं। रिजल्ट के साथ ही रेलवे भर्ती बोर्ड ने विभिन्न जोनों की कटऑफ सूची भी जारी कर दी है। उम्मीदवार अपना रिजल्ट देखने के लिए संबंधित आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर रोल नंबर और जन्म तिथि की मदद से लॉगिन कर सकते हैं।
परिणाम के साथ अभ्यर्थियों के प्राप्तांक और कटऑफ की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है। रेलवे भर्ती बोर्ड ने विभिन्न जोनों के अनुसार अलग-अलग कटऑफ जारी की है, जिससे उम्मीदवार अपने प्रदर्शन का आंकलन कर सकते हैं। लिखित परीक्षा में पास होने के लिए जनरल एवं ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के उम्मीदवारों को 40 प्रतिशत अंक, ओबीसी, एससी और एसटी उम्मीदवारों को 30 प्रतिशत अंक प्राप्त करना जरूरी है।
1 करोड़ से अधिक उम्मीदवार
आरआरबी ग्रुप डी भर्ती के माध्यम से रेलवे में कुल 32,438 पदों को भरा जाना है। इन पदों में ट्रैक मेंटेनर, हेल्पर, असिस्टेंट, पॉइंट्समैन और अन्य तकनीकी व गैर-तकनीकी श्रेणियों के पद शामिल हैं। भर्ती प्रक्रिया के तहत पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आयोजित की गई थी, जिसके परिणाम अब घोषित कर दिए गए हैं। इस भर्ती प्रक्रिया के लिए देशभर से 1 करोड़ से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। रेलवे की यह भर्ती हाल के वर्षों की सबसे बड़ी भर्ती परीक्षाओं में से एक मानी जा रही है। ऐसे में परिणाम जारी होने के बाद अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल है।
रेलवे ग्रुप डी रिजल्ट ऐसे करें चेक
स्टेप 1: सबसे पहले अपने क्षेत्रीय RRB (Railway Recruitment Board) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
स्टेप 2: होमपेज पर दिखाई दे रहे "RRB Group D Result 2025" या "CEN 08/2024 Level-1 Result" लिंक पर क्लिक करें।
स्टेप 3: रिजल्ट पीडीएफ या लॉगिन पेज खुलेगा।
स्टेप 4: यदि पीडीएफ जारी हुई है तो Ctrl+F दबाकर अपना रोल नंबर सर्च करें।
स्टेप 5: यदि लॉगिन की आवश्यकता हो तो अपना रजिस्ट्रेशन नंबर और जन्मतिथि (Date of Birth) दर्ज करें।
स्टेप 6: स्क्रीन पर आपका स्कोर कार्ड, प्राप्त अंक और क्वालिफाइंग स्टेटस दिखाई देगा।
स्टेप 7: भविष्य के लिए रिजल्ट और स्कोर कार्ड का प्रिंटआउट या पीडीएफ डाउनलोड कर लें।
रिजल्ट के बाद आगे क्या?
सीबीटी परीक्षा में सफल घोषित किए गए उम्मीदवारों को अब भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में शामिल होना होगा। इसमें फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट (PET), दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) और मेडिकल परीक्षण शामिल हैं। अंतिम चयन इन्हीं चरणों में प्रदर्शन और पात्रता के आधार पर किया जाएगा। रेलवे ग्रुप डी भर्ती के परिणाम जारी होने के साथ ही लाखों उम्मीदवारों का इंतजार खत्म हो गया है। अब सफल अभ्यर्थियों की नजर भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण पर टिकी हुई है, जो उनके रेलवे में नौकरी पाने के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
