एजुकेशन

भारतीय छात्रों को Romania में पढ़ने के लिए स्कॉलरशिप देती है सरकार, कैसे उठा सकते हैं योजना का लाभ, जानें एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया

यूरोपीय देशों में शामिल Romania में अगर आप हायर एजुकेशन प्राप्त करने का सपना देख रहे हैं तो आइए आपको सरकार द्वारा भारतीय छात्रों को ऑफर की जा रही स्कॉलरशिप के बारे में बताएं, जो न केवल आपकी पढ़ाई का बल्कि आपके रहने का खाने तक का खर्चा उठाएगी।

Image

भारतीय छात्रों को Romania में पढ़ने के लिए स्कॉलरशिप

Romania Scholarships for Indian students: यूरोप में उच्च शिक्षा प्राप्त करने का सपना हर दूसरे भारतीय छात्र का होता है। लेकिन महंगी फीस और रहने का खर्च अक्सर इस सपने के बीच बाधा बन जाता है। अगर आप भी कम खर्च में किसी खूबसूरत यूरोपीय देश से पढ़ाई करना चाहते हैं, तो रोमानिया (Romania) आपके लिए एक शानदार विकल्प साबित हो सकता है। रोमानिया सरकार विदेश मामलों के मंत्रालय (Ministry of Foreign Affairs - MFA) के माध्यम से हर साल गैर-यूरोपीय देशों, विशेषकर भारतीय छात्रों को पूरी तरह से फुली फंडेड स्कॉलरशिप प्रदान करती है।

रोमानियाई सरकार स्कॉलरशिप क्या है?

रोमानिया सरकार की यह स्कॉलरशिप योजना अंतरराष्ट्रीय छात्रों को अपने देश की शीर्ष यूनिवर्सिटीज में मुफ्त पढ़ाई करने का अवसर देती है। यह स्कॉलरशिप अंडरग्रेजुएट, पोस्टग्रेजुएट और पीएचडी तीनों ही स्तर की पढ़ाई के लिए उपलब्ध है। इस योजना की सबसे खास बात यह है कि इसमें आपको केवल ट्यूशन फीस से ही छूट नहीं मिलती, बल्कि आपके रहने, खाने और हर महीने मिलने वाले जेब खर्च का भी पूरा-पूरा ध्यान रोमानिया सरकार द्वारा रखा जाता है। बता दें कि भारतीय छात्रों को रोमानिया सरकार की तरह से दी जाने वाली स्कॉलरशिप भारत-रोमानिया सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत दी जाती है।

इस स्कॉलरशिप में छात्रों को क्या-क्या सुविधाएं मिलती हैं?

यदि किसी भी भारतीय छात्र का चयन रोमानिया सरकार की इस स्कॉलरशिप के लिए हो जाता है, तो उसे निम्नलिखित लाभ मिलते हैं।

100% ट्यूशन फीस माफ - आपको यूनिवर्सिटी की पढ़ाई के लिए कोई फीस नहीं देनी होगी।

मुफ़्त हॉस्टल सुविधा - यूनिवर्सिटी के हॉस्टल (Dormitories) में रहने का खर्च भी सरकार ही उठाती है।

मासिक वजीफा - आपको हर महीने अपनी व्यक्तिगत जरूरतों के लिए पॉकेट मनी मिलती है:

बैचलर डिग्री के छात्रों के लिए - लगभग 65 यूरो प्रति माह

मास्टर्स डिग्री के छात्रों के लिए - लगभग 75 यूरो प्रति माह

पीएचडी (PhD) के छात्रों के लिए - लगभग 85 यूरो प्रति माह

Romania Scholarship

Romania Scholarship for indian students

रोमानिया की भाषा सीखना जरूरी

चूंकि रोमानिया में अधिकतर पढ़ाई वहां की स्थानीय भाषा में होती है, इसलिए जिन छात्रों को रोमानियाई भाषा नहीं आती, उन्हें 1 साल का मुफ्त रोमानियाई भाषा कोर्स कराया जाता है। ताकि छात्रों को किसी प्रकार की दिक्कत का सामना न करना पड़े और उनकी पढ़ाई केवल भाषा की वजह से अटके।

भारतीय छात्रों को मिलती है मेडिकल की सुविधा

जहां एक स्कॉलरशिप आमतौर पर आपकी पढ़ाई का खर्चा उठाती है। लेकिन रोमानिया सरकार द्वारा विदेशी छात्रों को दी जा रही स्कॉलरशिप उनके रहने खाने के साथ सबसे महत्वपूर्ण चीज उन्हें मेडिकल इंश्योरेंस तक प्रदान करती है। अपनी पढ़ाई के दौरान आपातकालीन स्थिति में छात्र को हॉस्पिटल में स्वास्थ्य सेवाएं भी बिल्कुल मुफ्त प्रदान की जाएगी।

स्कॉलरशिप के लिए एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया

इस स्कॉलरशिप योजना का लाभ उठाने के लिए छात्रों को कुछ जरूरी शर्तों को पूरा करना होगा, तभी वह इसके पात्र माने जाएंगे।

नागरिकता - आवेदक भारत का नागरिक होना चाहिए

शैक्षणिक रिकॉर्ड - आपके पिछली कक्षाओं में अंक अच्छे होने चाहिए। आमतौर पर 80% या उससे अधिक अंक वाले छात्रों को चयन प्रक्रिया में प्राथमिकता दी जाती है।

उम्र संबंधी नियम - आवेदक की उम्र इतनी होनी चाहिए कि वह संबंधित कोर्स के लिए योग्य हो।

इन विषयों में नहीं मिलती स्कॉलरशिप - ध्यान रखें कि यह स्कॉलरशिप मेडिकल (MBBS/Dentistry) और फार्मेसी जैसे विषयों के लिए उपलब्ध नहीं होती है।

इन विषयों के लिए खुली है स्कॉलरशिप - यह स्कॉलरशिप इंजीनियरिंग, आर्किटेक्चर, आईटी, आर्ट्स, इकोनॉमिक्स और पॉलिटिकल साइंस जैसे विषयों के लिए खुली है।

आवेदन के लिए कौन-कौन से डॉक्यूमेंट्स जरूरी हैं?

अप्लाई करते समय आपके पास निम्नलिखित डाक्यूमेंट्स होना अनिवार्य है।

पासपोर्ट साइज फोटो
डिजिटल साइन
10वीं की मार्कशीट
12वीं की मार्कशीट
ग्रेजुएशन की मार्कशीट और डिग्री
आपकी आधिकारिक जन्म तिथि का प्रमाण
पासपोर्ट
अपडेटड बायोडाटा
कवर लेटर या लेटर ऑफ मोटिवेशन
मेडिकल सर्टिफिकेट
फोटो आईडी

क्या है इस स्कॉलरशिप की आवेदन प्रक्रिया

रोमानियाई सरकार द्वारा भारतीय छात्रों को ऑफर की जा रही स्कॉलरशिप पूरी तरह से ऑनलाइन है। इसके लिए उम्मीदवारों को आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना है। नीचे आवेदन प्रक्रिया की स्टेप-बाय-स्टेप गाइड दी गई है।

स्टेप 1 - सबसे पहले रोमानियाई विदेश मंत्रालय के आधिकारिक 'studyinromania.gov.in' या स्कॉलरशिप पोर्टल पर जाएं।

स्टेप 2 - पोर्टल पर अपने मोबाइल नंबर और ईमेल के माध्यम से रजिस्ट्रेशन करें और एक नया अकाउंट बनाएं।

स्टेप 3 - अपनी व्यक्तिगत, शैक्षणिक और संपर्क जानकारी सही-सही दर्ज करें।

स्टेप 4 - अब यूनिवर्सिटी और कोर्स चुनें।

स्टेप 5 - आवश्यक सभी दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करें।

स्टेप 6 - पूरी जानकारी जांचने के बाद अंतिम तिथि से पहले फॉर्म सबमिट कर दें।

छात्रों के लिए काम की सलाह

रोमानिया में मिलने वाली यह स्कॉलरशिप भारतीय छात्रों के लिए बिना किसी बड़े आर्थिक बोझ के यूरोपीय शिक्षा प्रणाली को अनुभव करने का एक शानदार अवसर है। अगर आप भी इस स्कॉलरशिप का लाभ उठाना चाहते हैं तो आपको आधिकारिक वेबसाइट पर लगातार नजर रखने की आवश्यकता है ताकि आप समय से इसके लिए आवेदन कर सकें।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article