Railway Recruitment for 10th Pass: भारतीय रेलवे में नौकरी का सपना देख रहे उम्मीदवारों के लिए अच्छी खबर है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने ट्रेड अप्रेंटिस के पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। सबसे खास बात ये है कि इसमें भर्ती के लिए कोई परीक्षा नहीं देनी होगी। इसमें चयन पूरी तरह से मेरिट के आधार पर किया जाएगा। रायपुर डिवीजन और वैगन रिपेयर शॉप के लिए रेलवे ने ये भर्ती निकाली है। इन पदों में फिटर, इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर, कोपा, मैकेनिक, स्टेनो और मशीनिस्ट जैसी ट्रेड शामिल हैं।
भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी भी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना जरूरी है। शर्त है कि उम्मीदवार ने 50 प्रतिशत नंबर्स के साथ मैट्रिक पास की हो। 49.9 प्रतिशत नंबर्स पर भी आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा। वहीं 10वीं के साथ-साथ संबंधित ट्रेड में ITI प्रमाणपत्र होना जरूरी है।
क्या है भर्ती के लिए आयु सीमा ?
बता दें कि रेलवे की इस भर्ती के लिए उम्मीदवार की आयु कम से कम 15 साल और अधिकतम आयु 24 साल होनी चाहिए। आरक्षित श्रेणियों और दिव्यांगों /पूर्व सैनिकों को नियमों के मुताबिक आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
इस भर्ती के लिए कोई भी इंटरव्यू नहीं हगोा। उम्मीदवारों का चयन मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा। मेरिट बनाने के लिए 10वीं के नंबर्स और ITI के अंकों को बराबर महत्व दिया जाएगा। फिर दोनों के औसत प्रतिशत के आधार पर ही फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार होगी। शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा।
कैसे करें भर्ती के लिए आवेदन ?
- सबसे पहले आधिकारिक पोर्टल पर जाएं।
- अपना रजिस्ट्रेशन करें और लॉगिन आईडी प्राप्त करें।
- Establishment Search में जाकर SECR रायपुर सर्च करें और पिर Apply के बटन पर क्लिक करें।
- अपनी 10वीं की मार्कशीट, आईटीआई सर्टिफिकेट, आधार कार्ड और फोटो-सिग्नेचर अपलोड करें।
- फॉर्म सबमिट करें और फिर प्रिंटआउट को भविष्य के लिए सुरक्षित कर लें।
कब से कब तक होंगे आवेदन ?
इच्छुक उम्मीदवार सिर्फ ऑनलाइन ही आवेदन कर सकते हैं। इसकी प्रक्रिया 5 मई 2026 से शुरू हो चुकी है और आवेदन की आखिरी तारीख 5 जून 2026 तय की गई है।
