एजुकेशन

UPSC के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे PM मोदी, 100 ऐतिहासिक फैसलों पर आधारित किताब का करेंगे विमोचन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री सुबह 11 बजे आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।

Image

UPSC के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे PM मोदी (Image- AI Generated/Newsroom Verified)

PM Modi to attend UPSC centenary celebrations: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री सुबह 11 बजे आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। UPSC की स्थापना के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित सालभर चलने वाले समारोह का समापन 1 अक्टूबर को होगा। यह शताब्दी समारोह पिछले वर्ष 1 अक्टूबर से शुरू हुआ था। वर्ष 1926 में UPSC की स्थापना हुई थी।

समारोह के दौरान प्रधानमंत्री UPSC शताब्दी स्मारक सिक्का और स्मारक डाक टिकट जारी करेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री ‘100 Landmark Judgments - Shaping the Policies of UPSC and Public Service Commissions in India’ नामक पुस्तक का भी विमोचन करेंगे। यह पुस्तक उन 100 महत्वपूर्ण न्यायिक फैसलों पर केंद्रित है, जिन्होंने UPSC और देश के विभिन्न लोक सेवा आयोगों की नीतियों को आकार देने में भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में देशभर से लोक सेवा आयोगों से जुड़े कई प्रमुख लोग शामिल होंगे। इनमें विभिन्न राज्यों के लोक सेवा आयोगों के अध्यक्ष एवं सदस्य, केंद्र सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, शिक्षाविद, UPSC के अधिकारी और अन्य विशिष्ट लोग शामिल हैं।

दो दिवसीय कार्यक्रम का आयोजन

UPSC की ओर से शताब्दी समारोह के तहत 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के पहले दिन, 30 सितंबर को भारत मंडपम में ‘शताब्दी समारोह - मंथन’ का आयोजन होगा।

इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों के जाने-माने वक्ता अपने विचार रखेंगे। इसके बाद UPSC और लोक सेवा आयोगों से जुड़े विभिन्न विषयों पर पैनल चर्चाओं का आयोजन किया जाएगा।

1 अक्टूबर को होने वाला कार्यक्रम UPSC के 100 वर्षों की यात्रा, उसकी भूमिका और देश की प्रशासनिक व्यवस्था में उसके योगदान को रेखांकित करेगा।

Himanshu Tiwari
हिमांशु तिवारीauthor

हिमांशु तिवारी एक पत्रकार हैं जिन्हें प्रिंट से लेकर इलेक्ट्रॉनिक्स तक का 16 साल का अनुभव है। मैंने अपना करियर क्राइम रिपोर्टर के रूप में शुरू किया था लेकिन बाद में पॉलिटिकल रिपोर्टिंग में शिफ्ट हो गया। पिछले 12 से अधिक वर्षों से बीजेपी, आरएसएस को कवर कर रहे हैं, कुछ आम चुनावों और कई विधानसभा चुनावों की सटीक रिपोर्टिंग भी की है। "सारी दुनिया एक मंच है" और इसलिए रंगमंच और नाटक लिखने में गहरी रुचि है।

और पढ़ें
End of Article