एजुकेशन

Pakistan Independence Day: भारत से पहले पाकिस्तान क्यों मनाता है स्वतंत्रता दिवस, UPSC उम्मीदवार जरूर पढ़ें

आज 14 अगस्त को पाकिस्तान स्वतंत्रता दिवस मनाता है, जबकि एक दिन बाद 15 अगस्त को भारत अपनी आजादी का जश्न मनाता है। लेकिन 1947 से पहले यह दोनों एक ही देश थे। फिर ऐसा हुआ क्या हुआ कि पाकिस्तान भारत की आजादी से एक दिन पहले स्वतंत्रता दिवस मनाने लगा?

Image

भारत से पहले पाकिस्तान क्यों मनाता है स्वतंत्रता दिवस

Pakistan Independence Day History: आज 14 अगस्त को पाकिस्तान स्वतंत्रता दिवस मनाया जाता है, जबकि एक दिन बाद 15 अगस्त को भारत अपनी आजादी का जश्न मनाता है। लेकिन 1947 से पहले ये दोनों एक ही देश थे। फिर ऐसा क्या हुआ कि पाकिस्तान भारत की आजादी से एक दिन पहले स्वतंत्रता दिवस मनाने लगा? अगर आप यूपीएससी या प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करते हैं, तो इस तरह की जानकारी बड़े काम आ सकती है, लेकिन जवाब समझने से पहले आपको समझना होगा कि असल में पाकिस्तान को भारत से एक दिन पहले आजादी नहीं मिली थी। यह बात थोड़ी भ्रमित करने वाली लग सकती है। आइये समझते हैं

1947 के Indian Independence Act में भारत और पाकिस्तान-दोनों के लिए सत्ता हस्तांतरण की तारीख 15 अगस्त 1947 तय की गई थी। पाकिस्तान के शुरुआती दस्तावेजों और यहां तक कि मोहम्मद अली जिन्ना के शुरुआती संबोधन में भी 15 अगस्त का उल्लेख मिलता है। फिर पाकिस्तान 14 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस क्यों मनाता है? दरअसल, इसके पीछे मुख्य वजह सत्ता हस्तांतरण समारोह का समय और स्थान माना जाता है।

Pakistan Independence Day Date Year

14 अगस्त 1947 को कराची में पाकिस्तान की संविधान सभा में 'सत्ता हस्तांतरण' का समारोह आयोजित हुआ था। उस समय लॉर्ड माउंटबेटन ने पाकिस्तान की संविधान सभा को संबोधित किया और सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी की। पाकिस्तान की नेशनल असेंबली के आधिकारिक इतिहास में भी 14 अगस्त को Transfer of Power होने की बात है।

इसके बाद माउंटबेटन को दिल्ली जाना था, जहां भारत में सत्ता हस्तांतरण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित होने थे। दिल्ली में समारोह 14 अगस्त की रात से शुरू होकर 15 अगस्त की मध्यरात्रि के आसपास सत्ता हस्तांतरण के साथ पूरा हुआ। यानी 'सत्ता हस्तांतरण' का समारोह जब तक पूरा हुआ तब तक 15 अगस्त लग चुका था।

कुल मिलाकर 14 अगस्त की शाम तक ब्रिटिश शासन पूरी तरह खत्म हो गया था। और इसी दिन यानी 14 अगस्त 1947 को सत्ता हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पाकिस्तान दुनिया के नक्शे पर एक स्वतंत्र देश के रूप में सामने आया।

ये भी पढ़ें

Pakistan Independence Day से जुड़ा सामान्य ज्ञान

पाकिस्तान कैसे अस्तित्व में आया?

पाकिस्तान का निर्माण ब्रिटिश भारत के विभाजन के साथ हुआ। ब्रिटिश संसद ने Indian Independence Act 1947 पारित किया, जिसके तहत ब्रिटिश भारत को दो नए डोमिनियन - भारत और पाकिस्तान- में विभाजित किया गया।

पाकिस्तान के संस्थापक कौन थे?

मोहम्मद अली जिन्ना को पाकिस्तान में Quaid-e-Azam यानी "महान नेता" के रूप में जाना जाता है। वह अखिल भारतीय मुस्लिम लीग के प्रमुख नेताओं में थे और पाकिस्तान के निर्माण के आंदोलन का नेतृत्व किया।

पाकिस्तान का झंडा कब बना?

पाकिस्तान की संविधान सभा की पहली बैठक 10 अगस्त 1947 को कराची में हुई थी। 11 अगस्त को जिन्ना को संविधान सभा का अध्यक्ष चुना गया और इसी दौरान पाकिस्तान का राष्ट्रीय ध्वज भी औपचारिक रूप से स्वीकृत किया गया।

पाकिस्तान के पहले गवर्नर जनरल और प्रधानमंत्री कौन थे?

मोहम्मद अली जिन्ना स्वतंत्र पाकिस्तान के पहले गवर्नर जनरल बने। उन्होंने 15 अगस्त 1947 को इस पद की शपथ ली। उनके निधन तक यानी सितंबर 1948 तक वह इस पद पर रहे। पाकिस्तान के पहले प्रधानमंत्री 'लियाकत अली खान' थे।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article