केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की कक्षा 12वीं के नतीजों के बाद शुरू हुई वेरिफिकेशन और रिवैल्यूएशन के लिए आवेदन प्रक्रिया को लेकर बोर्ड ने आधिकारिक तौर पर एक महत्वपूर्ण बयान सोशल मीडिया X प्लेटफॉर्म पर जारी किया है। सीबीएसई के अनुसार, 2 जून 2026 से 7 जून 2026 तक चली यह आवेदन विंडो पूरी तरह से सुचारु और सक्रिय रही। इस दौरान देश भर के लाखों छात्रों ने रिवैल्यूएशन सेवा का लाभ उठाया। सीबीएसई ने यह भी बताया कि रिवैल्यूएशन पोर्टल का संचालन सरकारी तकनीकी एजेंसियों और आईआईटी की विशेषज्ञ टीमों की निगरानी में किया गया, ताकि किसी भी छात्र को पोर्टल से आवेदन करते हुए किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
3.8 लाख से अधिक कॉपियों के लिए अनुरोध
सीबीएसई द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 6 दिनों की निर्धारित वेरिफिकेशन और रिवैल्यूएशन के लिए आवेदन करने की अवधि के दौरान 1.6 लाख से अधिक छात्रों ने पोर्टल पर सफलतापूर्वक लॉगिन करके अपने फॉर्म सबमिट किए। इन आवेदनों के माध्यम से कुल 3.8 लाख से अधिक उत्तर पुस्तिकाओं (Answer Sheets) के रिवैल्यूएशन और मार्क्स वेरिफिकेशन के अनुरोध बोर्ड को प्राप्त हुए, जो यह दर्शाता है कि छात्रों ने इस सेवा का बड़े पैमाने पर उपयोग किया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: CBSE ROW: खाली मार्कशीट मिलने पर सुप्रीम कोर्ट पहुंचा छात्र, आज होगी अहम सुनवाई
IIT की टीमों और साइबर सुरक्षा के साये में संचालित हुआ पोर्टल
सीबीएसई ने बताया कि आवेदन के दौरान छात्रों को किसी भी प्रकार की तकनीकी दिक्कतों से बचाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे -
पोर्टल की निगरानी: सरकारी तकनीकी एजेंसियों के साथ-साथ IIT की विशेषज्ञ टीमों ने लगातार पोर्टल के संचालन की निगरानी की।
साइबर सुरक्षा: किसी भी प्रकार के साइबर हमले, हैकिंग या दुर्भावनापूर्ण ट्रैफिक को रोकने के लिए सुरक्षा विशेषज्ञों की टीमें 24 घंटे मुस्तैद रहीं।
हेल्पडेस्क सहायता: छात्रों की तात्कालिक समस्याओं को दूर करने के लिए सीबीएसई की स्पेशल टीमों ने हेल्पलाइन और शिकायत निवारण प्रणाली के जरिए लगातार छात्रों को गाइडेंस दी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: CBSE Re evaluation: बोर्ड ने बंद की री-इवैल्यूएशन विंडो, फिर भी नहीं सुलझी छात्रों की समस्याएं
'Roll Number Not Found' एरर पर सीबीएसई का स्पष्टीकरण
पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया और मीडिया रिपोर्ट्स में कुछ छात्रों को पोर्टल पर "Roll Number Not Found" आने की शिकायतें सामने आ रही थी। इस पर बोर्ड ने स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि यह कोई तकनीकी खराबी नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक तय नियम है। सीबीएसई ने बताया कि रिवैल्यूएशन की प्रक्रिया चरणों में होती है। केवल वही छात्र अगले चरण के लिए पात्र होते हैं, जिन्होंने पहले चरण में अपनी आंसर शीट की स्कैन कॉपी प्राप्त करने के आवेदन किया था। बोर्ड ने आगे कहा कि, जिन छात्रों ने स्कैन आंसर शीट की स्कैन कॉपी के लिए आवेदन नहीं किया था, वह सीधे रिवैल्यूएशन प्रोसेस के लिए आवेदन नहीं कर सकते हैं। यही कारण है कि उनकी स्क्रीन पर 'रोल नंबर नॉट फाउंड' का संदेश दिखाई दे रहा था।
छात्र-हित के लिए कमिटेड है बोर्ड
सीबीएसई ने अंत में कहा कि वह पूरी तरह से पारदर्शी, छात्र-केंद्रित और सुगम पोस्ट-रिजल्ट प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए काम कर रहा है। यदि किसी छात्र को अभी भी कोई समस्या या शिकायत है, तो वे बोर्ड की आधिकारिक शिकायत निवारण प्रणाली और हेल्पलाइन माध्यम से संपर्क कर सकते हैं, जहां उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा
