अगर आपके फोन या लैपटॉप में WiFi का नेटवर्क फुल दिख रहा है, लेकिन इसके बावजूद इंटरनेट की स्पीड काफी धीमी है, तो जरूरी नहीं कि समस्या WiFi सिग्नल में ही हो। कई बार राउटर की सेटिंग, इंटरनेट सर्विस प्रोवाइडर, ज्यादा डिवाइस कनेक्ट होने या बैकग्राउंड में चल रहे ऐप्स की वजह से भी इंटरनेट स्लो हो सकता है। ऐसे में कुछ आसान तरीके अपनाकर आप WiFi की स्पीड को बेहतर कर सकते हैं।
फुल WiFi सिग्नल का मतलब तेज इंटरनेट नहीं
अक्सर लोग मानते हैं कि फोन में WiFi के पूरे सिग्नल बार दिखाई दे रहे हैं तो इंटरनेट भी तेज चलेगा। लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। WiFi सिग्नल और इंटरनेट स्पीड दो अलग-अलग चीजें हैं।
अगर आपका फोन राउटर के काफी करीब है, तो WiFi के पूरे बार दिखाई दे सकते हैं, लेकिन इंटरनेट सर्विस में किसी तरह की परेशानी होने पर वेबसाइट खुलने और वीडियो चलने में दिक्कत आ सकती है।
सबसे पहले राउटर को करें रीस्टार्ट
इंटरनेट स्लो होने पर सबसे आसान उपाय राउटर को रीस्टार्ट करना है। इसके लिए राउटर को बंद करके करीब 30 सेकंड से 1 मिनट तक इंतजार करें और फिर उसे दोबारा चालू करें।
कई बार राउटर लंबे समय तक लगातार चलने के कारण कुछ दिक्कतों का सामना कर सकता है। रीस्टार्ट करने से कनेक्शन दोबारा स्टेबल हो जाता है और इंटरनेट स्पीड में सुधार देखने को मिल सकता है।
