आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में नई स्किल सीखने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए अच्छी खबर है। IIT रुड़की ने विंटर ट्रेनिंग और इंटर्नशिप प्रोग्राम शुरू किए हैं। इसके तहत विद्यार्थियों और प्रोफेशनल्स को AI से जुड़े पांच अलग-अलग क्षेत्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। ये सभी कोर्स छह सप्ताह के होंगे और ऑनलाइन माध्यम से कराए जाएंगे। इन कार्यक्रमों का संचालन IIT रुड़की की इलेक्ट्रॉनिक्स एंड ICT (EICT) एकेडमी करेगी। इच्छुक उम्मीदवार 30 नवंबर 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट eict.iitr.ac.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
इन कोर्स में BTech, BE, BCA, BSc, MTech, ME, MCA और अन्य ग्रेजुएशन, पोस्ट ग्रेजुएशन या PhD कोर्स करने वाले विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं। खास बात यह है कि आवेदन के लिए पहले से कोडिंग आना जरूरी नहीं है। ट्रेनिंग की शुरुआत बेसिक जानकारी से होगी। हालांकि, ऑनलाइन क्लास में शामिल होने के लिए लैपटॉप या डेस्कटॉप और अच्छा इंटरनेट कनेक्शन होना चाहिए।
AI के किन 5 क्षेत्रों में मिलेगी ट्रेनिंग?
IIT रुड़की ने तकनीक की अलग-अलग जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पांच कोर्स तैयार किए हैं।
| कोर्स का नाम | क्या सीखेंगे | |
| Generative AI और Prompt Engineering | ChatGPT, Gemini, Python, LLM और RAG | |
| Machine Learning और Agentic AI | मशीन लर्निंग, डीप लर्निंग और AI एजेंट | |
| Data Science Using Python | डेटा एनालिसिस, स्टैटिस्टिक्स और विजुअलाइजेशन | |
| AI-Powered Full Stack Web Development | HTML, CSS, JavaScript, React और Node.js | |
| IoT और Edge AI | सेंसर, IoT डिवाइस और Edge Computing |
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: क्या है CBSE का नया एजुकेशन एक्सपीरियंस सेंटर, जहां पढ़ाई का मिलेगा अनोखा अनुभव
कितनी होगी फीस और कब शुरू होगा कोर्स?
हर कोर्स की अवधि छह सप्ताह होगी। इसमें चार सप्ताह लाइव क्लास और दो सप्ताह प्रोजेक्ट पर काम कराया जाएगा। पहले बैच की क्लास 14 दिसंबर 2026 से शुरू होगी, जबकि दूसरा बैच 4 जनवरी 2027 से शुरू होगा।
पहले बैच की क्लास सोमवार से शुक्रवार शाम 7 से 9 बजे तक चलेगी। कोर्स की फीस 8,000 रुपये (टैक्स सहित) रखी गई है। सफलतापूर्वक कोर्स पूरा करने वाले प्रतिभागियों को IIT रुड़की की EICT एकेडमी की ओर से सर्टिफिकेट दिया जाएगा।
कैसे करें रजिस्ट्रेशन?
1. सबसे पहले eict.iitr.ac.in वेबसाइट खोलें।
2. Winter Training and Internship Programmes सेक्शन में जाएं।
3. अपनी पसंद का कोर्स चुनें और उसकी जानकारी पढ़ें।
4. ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन फॉर्म भरें।
5. निर्धारित 8,000 रुपये फीस जमा करके आवेदन पूरा करें।
आवेदन की आखिरी तारीख 30 नवंबर 2026 है।
