बिजनेस

Retirement के लिए NPS या EPF, 25 साल में किससे बनेगा बड़ा फंड? समझें पूरा गणित

रिटायरमेंट की तैयारी कर रहे हैं तो इसके लिए कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) और नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) दो ऑप्शन मौजूद हैं। लेकिन सवाल यह कि 25 साल के निवेश पर किस स्कीम से ज्यादा फंड बनेगा?

Image

रिटायरमेंट के लिए कौन-सा निवेश विकल्प है बेहतर (Photo: iStock)

नौकरीपेशा लोगों के लिए रिटायरमेंट (Retirement) की तैयारी जल्दी शुरू करना जरूरी है। कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) और नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) इसके दो लोकप्रिय विकल्प हैं। दोनों लंबी अवधि में बचत तैयार करते हैं, लेकिन निवेश का तरीका, रिटर्न, जोखिम और पैसा निकालने के नियम अलग हैं। सवाल यह कि 25 साल बाद किससे बड़ा फंड बन सकता है?

EPF में कैसे बढ़ता है पैसा?

EPF का संचालन कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) करता है। सामान्य व्यवस्था में कर्मचारी अपनी बेसिक सैलरी और महंगाई भत्ते का 12 प्रतिशत योगदान देता है। नियोक्ता भी 12 प्रतिशत देता है, लेकिन उसका पूरा हिस्सा EPF खाते में नहीं जाता। एक हिस्सा कर्मचारी पेंशन योजना (EPS) में जमा होता है। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए EPF की ब्याज दर 8.25 प्रतिशत है। यह दर बदल सकती है, इसलिए इसे अगले 25 साल का तय रिटर्न नहीं मानना चाहिए।

NPS में निवेश के विकल्प

NPS बाजार से जुड़ी योजना है। इसमें रकम इक्विटी, कॉरपोरेट बॉन्ड और सरकारी सिक्योरिटीज में निवेश होती है। निवेशक Active Choice में निवेश का अनुपात चुन सकते हैं, जबकि Auto Choice में उम्र के साथ यह अनुपात अपने आप बदलता है। Multiple Scheme Framework के तहत कुछ गैर-सरकारी सब्सक्राइबरों को 80 से 100 प्रतिशत तक इक्विटी का विकल्प मिल सकता है। हालांकि, अधिक इक्विटी से ज्यादा रिटर्न की गारंटी नहीं मिलती।

50 हजार रुपये बेसिक सैलरी पर 25 साल का हिसाब

मान लीजिए 35 साल के कर्मचारी की बेसिक सैलरी 50,000 रुपये महीना है और वह 60 साल में रिटायर होना चाहता है। मान लेते हैं कि हर साल सैलरी 5 प्रतिशत बढ़ती है और EPF पर 8.25 प्रतिशत ब्याज मिलता है।

इस हिसाब से 25 साल बाद EPF में करीब 1.58 करोड़ रुपये जमा हो सकते हैं। वहीं, दूसरी ओर NPS में 8 प्रतिशत रिटर्न पर लगभग 1.43 करोड़, 10 प्रतिशत पर 1.87 करोड़ और 12 प्रतिशत पर 2.46 करोड़ रुपये का फंड बन सकता है।

रिटायरमेंट पर पैसा निकालने के नियम

EPF में लागू शर्तों के अनुसार रिटायरमेंट पर जमा बैलेंस निकाला जा सकता है। सामान्य एग्जिट पर गैर-सरकारी NPS सब्सक्राइबर 80 प्रतिशत तक रकम एकमुश्त निकाल सकते हैं। कम से कम 20 प्रतिशत रकम से एन्युटी खरीदनी होती है, जिससे नियमित पेंशन मिलती है। 80 प्रतिशत निकासी की अनुमति का मतलब यह नहीं कि पूरी रकम टैक्स-फ्री होगी। इसलिए टैक्स के बाद मिलने वाली रकम का हिसाब भी जरूरी है।

किसके लिए कौन-सा विकल्प बेहतर?

जिन्हें स्थिर ब्याज और कम बाजार जोखिम चाहिए, उनके लिए EPF एक अच्छा विकल्प हो सकता है। लंबी अवधि तक निवेश करने और बाजार के उतार-चढ़ाव को सहने की क्षमता रखने वाले लोग NPS पर विचार कर सकते हैं। कई कर्मचारियों के लिए दोनों योजनाओं का संतुलित इस्तेमाल भी अच्छा विकल्प हो सकता है। फैसला उम्र, जोखिम क्षमता, नियोक्ता के योगदान, टैक्स व्यवस्था और रिटायरमेंट की जरूरतों के आधार पर लें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article