क्रिकेट

दीप्ति शर्मा की हुई सचिन तेंदुलकर के साथ स्पेशल क्लब में एंट्र्री, ऑलराउंड प्रदर्शन के बल पर रचा इतिहास

दीप्ति शर्मा ने जिंबाब्वे के खिलाफ शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन की बदौलत अपना नाम सचिन तेंदुलकर के साथ एक स्पेशल क्लब में दर्ज करा लिया है।

Image

दीप्ति शर्मा (फोटो क्रेडिट BCCI Women X)

बड़ौदा: भारतीय महिला क्रिकेट टीम की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा ने रविवार को जिंबाब्वे के खिलाफ सीरीज के दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया। बड़ौदा में पहले बल्लेबाजी करते हुए दीप्ति ने 86 गेंद में नाबाद 106 रन की पारी खेली और टीम इंडिया को 6 विकेट पर 328 रन तक ले जाने में अहम भूमिका अदा की। इसके बाद गेंदबाजी में भी उन्होंने कहर बरपाया और 9 ओवर में 32 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए और टीम की 121 रन के अंतर से जीत में अहम भूमिका अदा की।

सचिन तेंदुलकर के साथ स्पेशल क्लब में हुईं शामिल

जिंबाव्वे के खिलाफ अपने ऑलराउंड प्रदर्शन के बल पर दीप्ति शर्मा ने अपना नाम सचिन तेंदुलकर और मनोज प्रभाकर के साथ भारतीय क्रिकेट खिलाड़ियों के एक स्पेशल क्लब में एंट्री कर ली। दीप्ति एकदिवसीय क्रिकेट इतिहास में दो शतक जड़ने और 150 से ज्यादा विकेट लेने वाली तीसरी भारतीय बन गई हैं। मनोज प्रभाकर ये डबल धमाल करने वाले पहले भारतीय बैटर थे। उनके बाद सचिन तेंदुलकर इस सूची में शामिल होने वाले दूसरे भारतीय बने थे। ऐसे में अब दीप्ति शर्मा का नाम इस स्पेशल क्लब में पहली भारतीय महिला क्रिकेटर के रूप में दर्ज हो गया है।

डबल धमाल करने वाली चौथी महिला क्रिकेटर

एकदिवसीय क्रिकेट इतिहास में 150 से ज्यादा विकेट के साथ-साथ दो शतक जड़ने वाली दीप्ति शर्मा दुनिया की चौथी महिला क्रिकेटर हैं। उनसे पहले वेस्टइंडीज की स्टेफिनी टेलर, दक्षिण अफ्रीका की मारीजान काप, ऑस्ट्रेलिया की एलिस पैरी ये उपलब्धि हासिल कर चुकी हैं। दीप्ति इस सूची में शामिल होने वाली पहली एशियाई क्रिकेटर हैं।

ऐसा रहा है दीप्ति का वनडे करियर

दीप्ति ने अबतक खेले 126 वनडे में 37.36 के औसत से 2877 रन बनाए हैं। इसमें 2 शतक और 18 अर्धशतक शामिल हैं। 188 उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। यह वनडे में किसी भी भारतीय महिला बैटर द्वारा खेली सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी है। वहीं गेंदबाजी में उन्होंने 125 पारी में 27.33 के औसत से 171 विकेट अपने नाम किए हैं। इसमें चार बार पारी में पांच विकेट शामिल हैं। 20 रन देकर उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article