शहर

पंजाब के मोगा में दुकान के बाहर बैठे युवकों पर अंधाधुंध गोलीबारी, दो की मौत, 3 अन्य घायल

Punjab Firing: पंजाब के मोगा में रविवार को हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। अंगदपुरा मोहल्ले में दुकान के बाहर बैठे युवकों पर काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं।

Image

पंजाब के मोगा में अंधाधुंध गोलीबारी

Photo : Times Now Digital

Punjab Firing: पंजाब के मोगा में रविवार को हुई गोलीबारी से इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि अंगदपुरा मोहल्ले में दुकान के बाहर बैठे युवकों पर काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए कुछ हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाईं। इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि अन्य तीन घायल हो गए, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, अचानक हुई ताबड़तोड़ गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि एक युवक के सिर, दो युवकों के पेट और एक युवक की बाजू में गोली लगी है। वहीं, एक अन्य युवक को गोली के छर्रे लगे हैं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

पुरानी रंजिश की आशंका

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश होने की आशंका जताई जा रही है। माना जा रहा है कि इसी विवाद के चलते दूसरे पक्ष के लोगों ने गोलीबारी की वारदात को अंजाम दिया होगा। हालांकि, हमले के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के बाद ही घटना के कारणों का पता चल सकेगा।

छानबीन में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके और घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा सकें। इसके अतिरिक्त, साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है।

मोगा के एसएसपी सरताज सिंह चहल ने बताया कि अंगदपुरा मोहल्ले में गोलीबारी की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर आए लोगों ने इस वारदात को अंजाम दिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article