एजुकेशन

NMMSS Scholarship 2026: 'नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम' में आवेदन की तारीख बढ़ी, शिक्षा मंत्रालय ने दिया एक और मौका

NMMSS Scholarship 2026: शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार ने केंद्रीय क्षेत्र की महत्वाकांक्षी योजना 'नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम' 2026 के लिए आवेदन की अंतिम तिथि को आगे बढ़ा दिया गया है। छात्रों के पास स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करने के लिए 28 दिन का समय है।

Image

NMMSS Scholarship 2026 (Photo - AI)

NMMSS Scholarship Scheme: आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी छात्रों के लिए एक राहत भरी खबर है। शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार ने केंद्रीय क्षेत्र की महत्वाकांक्षी योजना 'नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम' (NMMSS) के तहत वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन करने की अंतिम तिथि को आगे बढ़ाने के फैसला लिया है। इस कदम का मुख्य उद्देश्य उन सभी योग्य और जरूरतमंद विद्यार्थियों को एक और मौका देना है जो किसी कारण से अभी तर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाएं है। इस योजना के माध्यम से केंद्र सरकार हर साल हजारों होनहार छात्रों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक अपनी पढ़ाई बिना किसी वित्तीय बाधा के जारी रखने के लिए स्कॉलरशिप के माध्यम से आर्थिक सहायता प्रदान करती है। आइए इस स्कॉलरशिप और इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि अब क्या तय की गई है उसके बारे में विस्तार से बताएं।

क्या है 'नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम' (NMMSS)?

'नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम' (NMMSS) भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय द्वारा संचालित एक अत्यंत महत्वपूर्ण योजना है। इसे स्कॉलरशिप स्कीम की शुरुआत 2008 में की गई थी। इस योजना का प्राथमिक उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के मेधावी छात्रों को 8वीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ने से रोकना और उन्हें माध्यमिक तथा उच्च माध्यमिक स्तर यानी कक्षा 9 से 12वीं तक की शिक्षा पूरी करने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस योजना के तहत देश भर में हर साल 1 लाख नई स्कॉलरशिप स्वीकृत की जाती हैं। चयनित छात्रों को कक्षा 9वीं से 12वीं तक 12,000 रुपये प्रति वर्ष यानी 1,000 रुपये प्रति माह की वित्तीय सहायता सीधे उनके बैंक खाते में प्रदान की जाती है। इस स्कॉलरशिप राशि के माध्यम से छात्र आगे की एजुकेशन प्राप्त कर पाते हैं और आर्थिक तंगी शिक्षा के रास्ते में बाधा नहीं बनती है।

क्या है आवेदन की नई लास्ट डेट

इस स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को बता दें कि पहले आवेदन की अंतिम तिथि 31 अगस्त तय की गई थी, लेकिन छात्रों को राहत देते हुए अंतिम तिथि को आगे बढ़ाने का फैसला लिया गया और अब आवेदन की लास्ट डेट 30 सितंबर तय की गई है। छात्रों के पास आवेदन के लिए पूरे 28 दिन का समय है। लेकिन उन्हें सलाह दी जाती है कि वह 30 सितंबर का इंतजार करने की बजाए समय से आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।

आवेदन के लिए क्या है एलिजिबिलिटी क्राइटेरिया

इस योजना का लाभ उठाने के लिए शिक्षा मंत्रालय द्वारा कुछ कड़े और स्पष्ट मानदंड निर्धारित किए गए हैं, जो इस प्रकार है -

पारिवारिक आय सीमाआवेदक छात्र के माता-पिता की सभी स्रोतों को मिलाकर कुल वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
शैक्षणिक योग्यताछात्र ने कक्षा 7वीं की परीक्षा में कम से कम 55% अंक होने अनिवार्य है।
आरक्षित श्रेणी के लिए छूटअनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति के छात्रों के लिए 5% की छूट के साथ 50% अंक प्राप्त करना अनिवार्य है।
मान्यता प्राप्त संस्थान से शिक्षाछात्र को कक्षा 8वीं में किसी मान्यता प्राप्त सरकारी, स्थानीय निकाय या सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल में रेगुलर क्लास में एडमिशन होना अनिवार्य है।

कौन नहीं कर सकता है इस स्कॉलरशिप के लिए आवेदन

केंद्रीय विद्यालयों (KVS), नवोदय विद्यालयों (NVS), सैनिक स्कूलों और राज्य सरकार द्वारा संचालित आवासीय विद्यालयों, जहां रहने व खाने की मुफ्त सुविधा मिलती है उनमें पढ़ने वाले छात्र इस योजना के पात्र नहीं हैं। इसके अलावा प्राइवेट स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र भी इस स्कॉलरशिप के लिए आवेदन नहीं कर सकते।

किस आधार पर NMMSS स्कॉलरशिप के लिए होता है चयन

स्कॉलरशिप के लिए छात्रों का चयन राज्य सरकार द्वारा आयोजित की जाने वाली एक विशेष चयन परीक्षा के माध्यम से किया जाता है। इस परीक्षा में दो प्रमुख भाग शामिल है, जो इस प्रकार है -

मानसिक योग्यता टेस्ट (Mental Ability Test - MAT) में 90 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs) होते हैं, जो छात्रों की तर्क क्षमता, विश्लेषणात्मक सोच और क्रिटिकल थिंकिंग का परीक्षण करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता टेस्ट (Scholastic Aptitude Test - SAT) में भी 90 प्रश्न होते हैं, जो कक्षा 7वीं और 8वीं के विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और गणित विषयों पर आधारित होते हैं।

नोट - प्रत्येक टेस्ट के लिए 90 मिनट का समय दिया जाता है। सामान्य वर्ग के छात्रों को परीक्षा पास करने के लिए कम से कम 40% अंक और SC/ST वर्ग के छात्रों को न्यूनतम 32% अंक प्राप्त करना अनिवार्य होता है।

आवेदन के लिए जरूरी दस्तावेज

  • कक्षा 7वीं की मार्कशीट
  • सक्षम अधिकारी द्वारा जारी पिता/अभिभावक का आय प्रमाण पत्र
  • जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
  • सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
  • छात्र का आधार कार्ड और बैंक खाते का विवरण (जो आधार से लिंक होना चाहिए)
  • NMMSS के लिए आवेदन की पूरी प्रक्रिया नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) के माध्यम से ऑनलाइन पूरी की जाती है:

कैसे करें आवेदन

स्टेप 1 - इस स्कॉलरशिप के लिए आवेदन करने के लिए छात्रों को scholarships.gov.in पर जाना है।

स्टेप 2 - होमपेज पर दिए गए OTR के यूनिक 14 डिजिट के नंबर के लिए अप्लाई नाउ पर क्लिक करना है।

स्टेप 3 - नए खुले पेज पर वैध मोबाइल नंबर और अन्य आवश्यक जानकारी दर्ज करनी है और रजिस्टर करना है।

स्टेप 4 - ओटीआर नंबर जनरेट होने के बाद आप NMMSS स्कॉलरशिप के लिए अप्लाई कर सकते हैं।

DBT के माध्यम से सीधे खाते में राशि

चयनित विद्यार्थियों को मिलने वाली 12,000 रुपये की वार्षिक स्कॉलरशिप डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से सीधे उनके आधार-लिंक्ड बैंक खातों में भेजी जाती है। यह प्रक्रिया पूरी तरह से पारदर्शी है और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) द्वारा सार्वजनिक वित्तीय प्रबंधन प्रणाली (PFMS) के जरिए संचालित की जाती है। यदि आप या आपके आसपास कोई योग्य छात्र इस पात्रता को पूरा करता है, तो विस्तारित समय-सीमा का लाभ उठाते हुए जल्द से जल्द नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (NSP) पर जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।

Varsha Kushwaha
वर्षा कुशवाहाauthor

वर्षा कुशवाहा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की एजुकेशन डेस्क पर बतौर कॉपी एडिटर कार्यरत हैं और पिछले 5 वर्षों से मीडिया में सक्रिय हैं। जर्नलिज़्म में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा करने के बाद उन्होंने न्यूज रूम में तेजी, सटीकता और गहराई के साथ काम करते हुए अपनी मजबूत संपादकीय पहचान बनाई है। वर्षा की विशेषज्ञता हाइपर-लोकल खबरों, इवेंट कवरेज और स्टेट पॉलिटिक्स से जुड़ी रिपोर्टिंग में भी है। अब तक वर्षा कुशवाहा 8,000 से अधिक खबरें लिख चुकी हैं, जिनमें कई अहम लोकल रिपोर्ट्स, एजुकेशन और करियर की खबरें तथा फीचर-आधारित स्टोरीज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article