एजुकेशन

पिता सेना में सूबेदार मेजर और बेटा बनेगा डॉक्टर, NEET में 9वीं रैंक लाकर रचा इतिहास

NEET UG 2026 का रिजल्ट जारी होने के बाद जब टॉप रैंकर्स की लिस्ट सामने आई, तो उसमें गौरव सिंह का नाम भी सामने आया है। राजस्थान के गौरव सिंह ने ऑल इंडिया रैंक 9 हासिल की है। सैनिक पिता के बेटे गौरव की सफलता की कहानी काफी दिलचस्प है।

Image

NEET में सैनिक के बेटे गौरव ने किया कमाल, 705 अंक AIR 9 लाकर बने टॉपर

NEET UG AIR 9 Gaurav Singh Success story: नीट यूजी 2026 का रिजल्ट जारी होने के बाद जब टॉप रैंकर्स की लिस्ट सामने आई, तो उसमें गौरव सिंह का नाम भी चमक रहा था। उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 9 हासिल की है। करीब 20 लाख उम्मीदवारों के बीच टॉप 10 में जगह बनाना अपने आप में बेहद बड़ी उपलब्धि है। इस बार NEET UG परीक्षा 21 जून को दोबारा आयोजित की गई थी और रिजल्ट में 11.21 लाख उम्मीदवारों ने क्वालिफाई किया है। एक सैनिक के बेटे गौरव ने मेडिकल प्रवेश परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 9 हासिल कर परिवार और पूरे देश का नाम रोशन किया है। खास बात ये है कि पेपर लीक विवाद के बाद दोबारा हुई NEET परीक्षा में गौरव ने अपनी मेहनत और लक्ष्य के दम पर यह बड़ी सफलता हासिल की। मूल रूप से राजस्थान के अलवर जिले की मुंडावर तहसील के गादूवास गांव के रहने वाले गौरव पिछले 7 वर्षों से कोटा में ही अपनी स्कूलिंग और कोचिंग कर रहे थे।

दिल्ली एम्स में एडमिशन की चाहत

गौरव का अगला लक्ष्य भी बिल्कुल साफ है। वह AIIMS दिल्ली में दाखिला लेकर डॉक्टर बनना चाहते हैं। देश के सबसे प्रतिष्ठित मेडिकल संस्थानों में शुमार AIIMS दिल्ली में पढ़ाई करना उनका सपना है। NEET UG 2026 में टॉप प्रदर्शन के बाद अब उनकी नजर अपने इसी सपने को पूरा करने पर है। गौरव का कहना है कि वह क्लासरूम में करीब 6 घंटे की पढ़ाई करते थे।इसके अलावा 7 से 8 घंटे की सेल्फ स्टडी करते थे। करीब 13 घंटे की पढाई से उन्होंने यह सफलता हासिल की है। गौरव का कहना है कि उनकी बड़ी बहन अनुजा भी एमबीबीएस कर रही है. उसी के नक्शे कदम पर वे चलने के लिए आगे बढ़े थे।

पिता सेना में सूबेदार मेजर

गौरव की सफलता की कहानी इसलिए भी खास है, क्योंकि उनके पिता भारतीय सेना में हैं। उनके पिता राजेश सिंह वर्तमान में भारतीय सेना में सूबेदार मेजर के पद पर पश्चिम बंगाल में तैनात हैं। एक सैनिक परिवार से आने वाले गौरव ने अनुशासन और मेहनत को अपनी तैयारी का सबसे बड़ा हथियार बनाया। जिस परीक्षा को लेकर लाखों छात्र महीनों तक तैयारी करते हैं, उसमें गौरव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टॉप रैंकर्स में अपनी जगह बनाई। गौरव की बड़ी बहन ने 2023 में नीट यूजी क्रैक कर ली थी। इसके बाद वह अलवर ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस कर रही है।

बता दें कि पेपर लीक के आरोपों के बाद नीट परीक्षा दोबारा कराई गई और छात्रों को फिर से पूरी तैयारी के साथ परीक्षा देनी पड़ी। ऐसे मुश्किल दौर में गौरव सिंह का AIR 9 हासिल करना बताता है कि साफ लक्ष्य, अनुशासन और लगातार मेहनत के दम पर बड़ी से बड़ी चुनौती को पार किया जा सकता है। सैनिक के बेटे गौरव की यह सफलता आज उन लाखों नीट एस्पिरेंट्स के लिए प्रेरणा बन गई है, जो डॉक्टर बनने का सपना देख रहे हैं। गौरव की उपलब्धि ऐसे समय में सामने आई है, जब NEET UG 2026 लाखों छात्रों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण परीक्षा रही।

NEET-UG देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा है, जिसके जरिए MBBS, BDS और दूसरे मेडिकल कोर्सेज में एडमिशन मिलता है। नीट रिजल्ट जारी होने के बाद छात्रों की नजर अब काउंसलिंग पर है। MBBS और BDS के ऑल इंडिया कोटा की काउंसलिंग मेडिकल काउंसलिंग कमेटी यानी MCC कराएगी, जबकि राज्य कोटे की काउंसलिंग संबंधित राज्य की अथॉरिटी करेगी।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article