One question dropped all NEET candidates to receive 4 bonus marks: मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 में शामिल लाखों अभ्यर्थियों के लिए राहत भरी खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा जारी प्रोविजनल आंसर-की में फिजिक्स का एक प्रश्न ड्रॉप कर दिया गया है। NTA के नियमों के अनुसार, ड्रॉप किए गए प्रश्न के लिए परीक्षा में शामिल सभी अभ्यर्थियों को 4 बोनस अंक दिए जाएंगे।
प्रोविजनल आंसर-की के अनुसार, सभी प्रश्न-पत्र कोड (50, 60, 70 और 80) में एक-एक प्रश्न हटाया गया है। इसके अलावा फिजिक्स का एक अन्य प्रश्न ऐसा भी है, जिसमें दो विकल्पों को सही उत्तर माना गया है। ऐसे में जिन अभ्यर्थियों ने इनमें से किसी भी सही विकल्प का चयन किया है, उन्हें उस प्रश्न के पूरे अंक मिलेंगे।
आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू
फिलहाल NTA ने प्रोविजनल आंसर-की पर आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। जिन अभ्यर्थियों को किसी उत्तर पर आपत्ति है, वे निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन चुनौती दर्ज करा सकते हैं। सभी आपत्तियों की विशेषज्ञ समिति द्वारा समीक्षा की जाएगी। इसके बाद फाइनल आंसर-की जारी होगी और उसी के आधार पर NEET UG 2026 का परिणाम घोषित किया जाएगा।
NTA की मूल्यांकन नीति के मुताबिक, यदि किसी प्रश्न में तकनीकी त्रुटि पाई जाती है, प्रश्न गलत होता है या उसका कोई स्पष्ट उत्तर नहीं होता, तो उसे ड्रॉप कर दिया जाता है। ऐसी स्थिति में किसी भी छात्र का नुकसान न हो, इसलिए उस प्रश्न के पूरे 4 अंक सभी परीक्षार्थियों को दिए जाते हैं, चाहे उन्होंने उस प्रश्न का उत्तर दिया हो, गलत उत्तर दिया हो या उसे छोड़ दिया हो।
उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे केवल NTA की आधिकारिक सूचना पर भरोसा करें और अंतिम परिणाम आने तक किसी भी अफवाह या अनौपचारिक कटऑफ पर विश्वास न करें। बोनस अंक मिलने से सभी अभ्यर्थियों के अंक समान रूप से बढ़ेंगे। इसलिए इससे मेरिट लिस्ट या रैंकिंग में बहुत बड़ा बदलाव होने की संभावना कम है। अंतिम रैंक फाइनल आंसर-की और उसके आधार पर तैयार किए गए परिणाम के अनुसार ही तय होगी।
