एजुकेशन

NEET Re-Exam 2026 : नीट परीक्षा के लिए दिल्ली सरकारी की खास तैयारी, एग्जाम सेंटर्स के बाहर पेरेंट्स के लिए बनेंगे कूलिंग जोन

दिल्ली में NEET परीक्षा के लिए कुल 97 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 69 सरकारी विद्यालय और 28 केंद्रीय विद्यालय शामिल हैं। इन केंद्रों के बाहर जिला प्रशासन की ओर से कूलिंग जोन स्थापित किए जा रहे हैं। यहां बैठने की व्यवस्था के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल, ओआरएस, शिकंजी, चाय और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

Image

NEET UG Re Exam

NEET UG Re Exam : 21 जून को आयोजित होने वाली NEET-UG 2026 परीक्षा को लेकर दिल्ली सरकार ने ऐसी तैयारी की है, जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है। इस बार सरकार ने केवल परीक्षा देने वाले छात्रों की नहीं, बल्कि उनके साथ घंटों इंतजार करने वाले अभिभावकों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि राजधानी के सभी 97 परीक्षा केंद्रों के बाहर विशेष कूलिंग जोन बनाए जाएंगे, जहां अभिभावकों को गर्मी से राहत और आरामदायक इंतजार की सुविधा मिलेगी।

नीट के लिए बनाए गए 97 केंद्र

दिल्ली में NEET परीक्षा के लिए कुल 97 केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 69 सरकारी विद्यालय और 28 केंद्रीय विद्यालय शामिल हैं। इन केंद्रों के बाहर जिला प्रशासन की ओर से कूलिंग जोन स्थापित किए जा रहे हैं। यहां बैठने की व्यवस्था के साथ-साथ स्वच्छ पेयजल, ओआरएस, शिकंजी, चाय और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हर साल लाखों परिवार अपने बच्चों के भविष्य के सपनों के साथ परीक्षा केंद्रों तक पहुंचते हैं। परीक्षा के दौरान छात्र तो केंद्र के अंदर होते हैं, लेकिन माता-पिता और परिजनों को कई घंटों तक बाहर इंतजार करना पड़ता है। अक्सर उन्हें तेज धूप, गर्मी और असुविधा का सामना करना पड़ता है।

97 परीक्षा केंद्रों के बाहर बनेंगे कूलिंग जोन

उन्होंने कहा कि अब अभिभावकों को पेड़ों की छांव या आसपास की बाजारों में समय बिताने की जरूरत नहीं पड़ेगी। परीक्षा केंद्रों के बाहर ही उनके लिए आराम और राहत की पूरी व्यवस्था होगी। सरकार का मानना है कि जब अभिभावक तनावमुक्त और सहज रहेंगे तो इसका सकारात्मक प्रभाव विद्यार्थियों पर भी पड़ेगा और वे बेहतर मनोस्थिति में परीक्षा दे सकेंगे।

क्या बोलीं CM ?

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा और युवाओं का भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। इसलिए परीक्षा से जुड़े हर व्यक्ति को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार का दायित्व है। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पूरी दिल्ली उनकी सफलता और उज्ज्वल भविष्य की कामना कर रही है। दिल्ली सरकार पहले से ही भीषण गर्मी से राहत देने के लिए राजधानी में 85 शेड, 15 कूलिंग जोन और 13 मोबाइल हीट रिलीफ वैन संचालित कर रही है।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article