MP Board Second Exam 2026 : मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने हायर सेकेंडरी द्वितीय परीक्षा 2026 के परीक्षा कार्यक्रम को बदला गया है। इस संबंध में स्कूल शिक्षा विभाग, मध्य प्रदेश की तरफ से आधिकारिक सूचना जारी की गई है। बोर्ड ने जो आदेश जारी किया है, उसके अनुसार कुछ सब्जेक्ट्स की परीक्षा की तारीखों में बदलाव किया गया है। ये संशोधन छात्रों की सुविधा और प्रशासनिक कारणों को ध्यान में रखते हुए किया गया है।
कब कौन सी परीक्षा ?
संशोधित कार्यक्रम के अनुसार 14 मई 2026 को आयोजित होने वाली परीक्षाओं में कृषि (Agriculture), गृह विज्ञान (केवल विज्ञान समूह के लिए) और अकाउंटेंसी विषय शामिल थे। अब इन विषयों की परीक्षा 19 मई 2026 को आयोजित की जाएगी। वहीं 21 मई 2026 को प्रस्तावित गणित (Mathematics) और मनोविज्ञान (Psychology) विषय की परीक्षा अब 26 मई 2026 को आयोजित होगी।
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा का समय पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही रहेगा। परीक्षाएं सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित की जाएंगी। छात्रों को परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
बोर्ड ने की अपील
बोर्ड ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्कूल प्राचार्यों से अपील की है कि वे केवल आधिकारिक वेबसाइट और बोर्ड द्वारा जारी सूचना पर ही भरोसा करें। सोशल मीडिया पर वायरल हो रही किसी भी अपुष्ट जानकारी से सावधान रहने को कहा गया है। संशोधित परीक्षा कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी MP बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।
छात्रों को खास सलाह
शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि परीक्षा तिथियों में बदलाव होने के बाद छात्रों को घबराने की जरूरत नहीं है। अतिरिक्त समय का उपयोग वे अपनी कमजोर विषयों की तैयारी मजबूत करने में कर सकते हैं। बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए यह समय रिवीजन और मॉडल पेपर हल करने का बेहतर अवसर माना जा रहा है। MP बोर्ड की इस घोषणा के बाद राज्यभर के लाखों छात्रों को अपने अध्ययन कार्यक्रम में बदलाव करना होगा।
