दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) में प्रवेश के लिए पहले चरण में 80 हजार से अधिक अभ्यर्थियों को स्नातक पाठ्यक्रमों में सीट आवंटित की गई है। विश्वविद्यालय द्वारा सोमवार शाम को आधिकारिक आंकड़े जारी कर यह जानकारी दी गई। ‘कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम-अंडरग्रेजुएट’ (सीएसएएस-यूजी) पोर्टल के आंकड़ों के अनुसार, 21 जुलाई को शाम सात बजे तक 80,015 अभ्यर्थियों ने अपनी आवंटित सीट स्वीकार कर ली है।
इनमें से अब तक कॉलेजों द्वारा 14,939 से ज्यादा आवंटनों को मंजूरी भी दी जा चुकी है।
भाषा एजेंसी पर मौजूद जानकारी के अनुसार, इस साल विश्वविद्यालय ने 69 कॉलेज और 79 स्नातक पाठ्यक्रमों में 71,624 सीटों के लिए 93,166 सीटें आवंटित की हैं।
डीयू के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘पिछले वर्षों के पैटर्न और आवश्यकता के आधार पर 93 हजार से अधिक सीट का आवंटन किया गया है, क्योंकि कई छात्र एक कॉलेज से दूसरे कॉलेज में अपनी सीट बदलते रहते हैं।’’
कॉलेज स्तर पर सत्यापन और अनुमोदन 22 जुलाई तक जारी रहेगा तथा शुल्क भुगतान की अंतिम तिथि 23 जुलाई निर्धारित की गई है।
सबसे अधिक संख्या में प्राप्त हुए आवेदन
कॉमन सीट एलोकेशन सिस्टम (सीएसएएस) के माध्यम से प्रवेश प्रक्रिया 17 जून, 2025 को शुरू हुई थी। सीयूईटी के परिणाम घोषित होने के बाद, सीएसएएस का दूसरा चरण शुरू किया गया, जिससे छात्रों को अपने कार्यक्रम और कॉलेज की प्राथमिकताएं भरने का अवसर मिला। इस वर्ष, डीयू को अब तक की सबसे अधिक संख्या में आवेदन प्राप्त हुए - 3.05 लाख से अधिक आवेदन, जिनमें से 2.39 लाख उम्मीदवारों ने सफलतापूर्वक अपनी पसंद प्रस्तुत की।
(भाषा इनपुट के साथ)
