एजुकेशन

बेसिक शिक्षक भर्ती में बड़ा बदलाव, अब शैक्षिक मेरिट नहीं, लिखित परीक्षा से होगा चयन

उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक विद्यालयों में होने वाली नई शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। अब अभ्यर्थियों का चयन शैक्षिक अंकों (एकेडमिक मेरिट) के आधार पर नहीं, बल्कि लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा।

Image

बेसिक शिक्षक भर्ती में बड़ा बदलाव

उत्तर प्रदेश में बेसिक शिक्षा परिषद के प्राथमिक विद्यालयों में होने वाली नई शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में बड़ा बदलाव किया गया है। अब अभ्यर्थियों का चयन शैक्षिक अंकों (एकेडमिक मेरिट) के आधार पर नहीं, बल्कि लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया का जिम्मा उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) संभालेगा। नई चयन व्यवस्था का उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रतिस्पर्धी बनाना है। आयोग की ओर से भर्ती का विस्तृत विज्ञापन जल्द जारी किए जाने की संभावना है। इसके साथ ही परीक्षा पाठ्यक्रम, आवेदन प्रक्रिया और अन्य दिशा-निर्देश भी आधिकारिक अधिसूचना में जारी किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से नजर बनाए रखें।

अब तक प्राथमिक शिक्षक भर्ती में शैक्षिक योग्यता के अंकों को वेटेज देकर मेरिट सूची तैयार की जाती थी। पहले हाईस्कूल, इंटर, स्नातक, बीएड/डीएलएड और टीईटी सहित शैक्षिक उपलब्धियों के आधार पर मेरिट बनती थी। नई व्यवस्था में इस प्रणाली को समाप्त कर दिया गया है, जिससे सभी पात्र अभ्यर्थियों को समान अवसर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

क्या होगी नई व्यवस्था

नई व्यवस्था के तहत अभ्यर्थियों को 120 प्रश्नों की लिखित परीक्षा देनी होगी। परीक्षा कुल 360 अंकों की होगी, जिसमें प्रत्येक प्रश्न 3 अंक का होगा। प्रश्नपत्र में 90 प्रश्न शिक्षण विषय (पेडागॉजी) से, जबकि 30 प्रश्न सामान्य ज्ञान और सामान्य अध्ययन से पूछे जाएंगे। चयन पूरी तरह लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर किया जाएगा।

जीआईसी प्रवक्ता के लिए आवेदन शुरू

इसके अलावा, उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने जीआईसी प्रवक्ता मुख्य परीक्षा 2025 के लिए आवेदन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। प्रारंभिक परीक्षा में सफल अभ्यर्थी 12 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन पत्रों के सत्यापन के बाद ही मुख्य परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी।

परिषदीय विद्यालयों में कितने पद खाली

रिपोर्ट के अनुसार, प्रदेश के नगर क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में लगभग 11,508 शिक्षक पद रिक्त हैं। वहीं वर्ष 2018 के बाद लंबे समय से नई शिक्षक भर्ती नहीं होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में भी बड़ी संख्या में पद खाली बताए जा रहे हैं। ऐसे में नई भर्ती का इंतजार कर रहे लाखों अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती प्रक्रिया बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Kuldeep Raghav
कुलदीप राघवauthor

कुलदीप राघव प्रिंट और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों से अधिक अनुभव का रखने वाले पत्रकार हैं। टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वह एजुकेशन सेक्शन को लीड कर रहे हैं। एजुकेशन सेक्टर की गहरी समझ और लगातार फील्ड-ओरिएंटेड रिपोर्टिंग के कारण कुलदीप इस बीट के भरोसेमंद पत्रकारों में गिने जाते हैं। वे स्कूल और उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाएं, एडमिशन और काउंसलिंग प्रोसेस, स्कॉलरशिप, करियर गाइडेंस, जॉब अलर्ट, स्किल डेवलपमेंट और युवाओं से जुड़े सामाजिक-शैक्षणिक मुद्दों पर तथ्यात्मक और आसान भाषा में खबरें पब्लिश करते हैं। कुलदीप ने अब तक 18,000 से अधिक बाइलाइन स्टोरीज लिखी हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, विश्लेषण, डेटा आधारित रिपोर्ट्स और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article