Maharashtra HSC Exam Cheating: महाराष्ट्र के गड़चिरोली जिले के चामोर्शी में 12वीं के राज्यशास्त्र पेपर के दौरान औचक निरीक्षण के बाद शिक्षा व्यवस्था को झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। गड़चिरोली जिले के चामोर्शी स्थित जा. कृ. बोमनवार कनिष्ठ विज्ञान व कला महाविद्यालय परीक्षा केंद्र पर 12वीं के राज्यशास्त्र पेपर के दौरान सामूहिक नकल का प्रयास सामने आया है। प्रश्नपत्रिका का फोटो बाहर भेजकर उसके उत्तर ChatGPT से खोजे गए और उनकी प्रिंट कॉपी परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने की कोशिश की गई।
Maharashtra HSC Exam Cheating: औचक निरीक्षण में हुआ खुलासा
यह मामला तब उजागर हुआ जब जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुहास गाड़े ने 18 फरवरी को राज्यशास्त्र परीक्षा के दौरान केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र के बाहर संबंधित विषय के माइक्रो नोट्स और चल रहे पेपर के प्रश्नों के ChatGPT से निकाले गए प्रिंटआउट बरामद हुए।

Maharashtra HSC Exam Cheating News
सीईओ ने किया जांच कमिटी का गठन
मामले को गंभीरता से लेते हुए सीईओ ने तुरंत जांच समिति गठित की। समिति की रिपोर्ट में सामूहिक नकल के प्रयास की पुष्टि होने के बाद प्रभारी गटशिक्षणाधिकारी सुधीर आखाडे की शिकायत पर चामोर्शी पुलिस थाने में केंद्र प्रमुख सहित तीन शिक्षकों और एक शिपाई के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
कर्मचारियों को किया गया निलंबित
शिक्षा विभाग ने संबंधित चारों कर्मचारियों को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। घटना के बाद जिले के शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है और परीक्षा केंद्रों पर निगरानी और सख्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
पेपर लीक के कई मामले
बता दें महाराष्ट्र बोर्ड 2026 की 10वीं 12वीं की परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। इस दौरान नकल के कई मामले सामने आए हैं। दरअसल 18 फरवरी (बुधवार) को आयोजित 12वीं केमिस्ट्री का क्वेश्चन पेपर कथित तौर पर लीक होने का मामला सामना आया था। प्रश्नपत्र कथित तौर पर सोशल मीडिया पर सर्कुलेट किया गया है। यह मामला महाराष्ट्र के नागपुर से जुड़ा है। पुलिस इसके जांच के लिए लग गई है।
