महाराष्ट्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) के जरिए होने वाली भर्तियों में पदों की संख्या काफी बढ़ाने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि अगली परीक्षा में इतने ज्यादा पद शामिल किए जा सकते हैं कि पुराने रिकॉर्ड पीछे छूट जाएं। खास तौर पर ग्रुप C के रिक्त पदों को भरने पर ध्यान दिया जा रहा है।
कैबिनेट बैठक में पांच विभागों ने अपने यहां खाली पदों से जुड़ी जानकारी भी पेश की। सरकार का कहना है कि अलग-अलग विभागों के रिक्त पदों की जानकारी जुटाकर MPSC के माध्यम से होने वाली अगली भर्ती का दायरा बढ़ाया जा रहा है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: Delhi High Court में PA के 150 पदों पर शुरू हुए आवेदन, जानें अप्लाई का तरीका
परीक्षा पैटर्न में भी हो सकता है बदलाव
MPSC की परीक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर बनी हाई-पावर कमेटी छात्रों और दूसरे हितधारकों से बातचीत कर रही है। बैठकों के दौरान कई उम्मीदवारों ने मौजूदा वर्णनात्मक परीक्षा व्यवस्था की जगह फिर से ऑब्जेक्टिव यानी बहुविकल्पीय परीक्षा कराने की मांग रखी है। यह मांग स्टेट सर्विस, एग्रीकल्चर, फूड सेफ्टी ऑफिसर और इंजीनियरिंग जैसी परीक्षाओं को लेकर भी सामने आई है।
फडणवीस ने कहा है कि अगर कमेटी ऑब्जेक्टिव पैटर्न वापस लाने की सिफारिश करती है तो सरकार उस पर सकारात्मक रूप से विचार करेगी। हालांकि अभी परीक्षा पैटर्न बदलने का अंतिम फैसला नहीं हुआ है। सरकार कमेटी की रिपोर्ट का इंतजार करेगी।
कमेटी को मिले 20 हजार से ज्यादा सुझाव
MPSC में सुधार के लिए बनाई गई समिति को अब तक 20 हजार से ज्यादा ईमेल मिले हैं। इनमें परीक्षा का तय कैलेंडर, कॉपियों की जांच में पारदर्शिता, रिजल्ट समय पर जारी करने, प्रश्नपत्र वितरण और परीक्षा संचालन के लिए स्पष्ट नियम जैसे सुझाव शामिल हैं। समिति परीक्षा रद्द होने की स्थिति में उम्मीदवारों के हितों की सुरक्षा और अंकों के नॉर्मलाइजेशन के नियमों पर भी विचार कर रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: CBSE Board Exam 2026: पश्चिम एशिया के 7 देशों में 12वीं की परीक्षा फिर होगी, नहीं लगेगी फीस
