एजुकेशन

CBSE Board Exam 2026: पश्चिम एशिया के 7 देशों में 12वीं की परीक्षा फिर होगी, नहीं लगेगी फीस

सीबीएसई ने वेस्ट एशिया के सात देशों में रहने वाले 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए दोबारा बोर्ड परीक्षा कराने का फैसला लिया है। इन देशों में पहले युद्ध जैसी स्थिति के कारण बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी गई थीं।

Image

पश्चिम एशिया के 7 देशों में 12वीं की परीक्षा फिर होगी

CBSE Board Exam 2026: पश्चिम एशिया में रहकर सीबीएसई बोर्ड से पढ़ने वाले छात्रों के लिए बड़ी खबर आ गई है। सीबीएसई ने वेस्ट एशिया के सात देशों में रहने वाले 12वीं कक्षा के छात्रों के लिए दोबारा बोर्ड परीक्षा कराने का फैसला लिया है। इन देशों में पहले युद्ध जैसी स्थिति के कारण बोर्ड की परीक्षाएं रद्द कर दी गई थीं। परीक्षा रद्द होने के बाद प्रभावित छात्रों का रिजल्ट एक विशेष मूल्यांकन व्यवस्था के तहत तैयार किया गया था। अब ऐसे छात्रों को दोबारा परीक्षा देने का मौका मिलेगा।

CBSE के इस फैसले से बहरीन, ईरान, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात के छात्रों को फायदा होगा। इन देशों में 12वीं की परीक्षा के कुल 40 विषयों के पेपर रद्द किए गए थे। इनमें 20 अकादमिक विषय भी शामिल थे।

छात्र अपनी पसंद के विषय चुन सकेंगे

CBSE ने स्पष्ट किया है कि विशेष मूल्यांकन योजना के तहत रिजल्ट पाने वाले पात्र छात्र दोबारा होने वाली परीक्षा में अपनी पसंद के विषयों में शामिल हो सकेंगे। नई परीक्षा में मिलने वाले अंक संबंधित विषय में पहले मिले प्रदर्शन की जगह फाइनल माने जाएंगे। आसान भाषा में समझें तो परीक्षा देने के बाद नए अंक ही उस विषय के फाइनल रिजल्ट में शामिल किए जाएंगे। इसलिए छात्रों को विषय चुनते समय इस नियम का ध्यान रखना होगा।

परीक्षा के लिए नहीं लगेगी फीस

इन फ्रेश परीक्षाओं में शामिल होने वाले छात्रों से कोई परीक्षा शुल्क नहीं लिया जाएगा। पात्र उम्मीदवारों को खुद परीक्षा फॉर्म जमा करना होगा। फॉर्म भरने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सीबीएसई परीक्षा की तारीख और पूरी डेटशीट जारी करेगा।

परीक्षा केंद्रों में बदलाव नहीं

नई परीक्षा के लिए पहले से तय परीक्षा केंद्र ही बनाए रखे जाएंगे। CBSE ने यह भी बताया है कि इन परीक्षाओं के रिजल्ट के बाद पोस्ट-रिजल्ट डिक्लेरेशन की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी।

Neelaksh Singh
नीलाक्ष सिंहauthor

नीलाक्ष सिंह 2021 से टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल से जुड़े हैं और एजुकेशन सेक्शन के लिए कंटेंट लिखते हैं। लखनऊ विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रिंट मीडिया में इंटर्नशिप की, जहां फील्ड रिपोर्टिंग, स्टूडेंट-इश्यू बेस्ड ग्राउंड स्टोरीज और सटीक न्यूजराइटिंग की बुनियादी समझ हासिल की। प्रिंट के बाद डिजिटल मीडिया में भी वह एजुकेशन बीट पर ही लगातार काम करते रहे हैं। पत्रकारिता में 10 सालों से सक्रिय नीलाक्ष सिंह 12 हजार से अधिक खबरें लिख चुके हैं। वह एग्जाम अपडेट्स, एडमिशन प्रोसेस, करियर गाइडेंस, स्टूडेंट वेलफेयर, बोर्ड रिजल्ट्स और नीतिगत बदलावों पर गहन और बेहद उपयोगी कंटेंट तैयार करते हैं।

और पढ़ें
End of Article